अनिल कपूर के बेटे हर्षवर्धन ने फिल्मों को कहा अलविदा? एक्टिंग छोड़ने की खबरों पर एक्टर ने खुद बताया पूरा सच

Post

मुंबई: बॉलीवुड के एवरग्रीन सुपरस्टार अनिल कपूर के बेटे हर्षवर्धन कपूर पिछले काफी समय से बड़े पर्दे और लाइमलाइट से दूर हैं। साल 2022 में आई फिल्म 'थार' के बाद से उनकी कोई फिल्म रिलीज नहीं हुई है, जिसके बाद सोशल मीडिया और गॉसिप गलियारों में यह कयास लगाए जाने लगे कि हर्षवर्धन ने एक्टिंग से तौबा कर ली है और फिल्मों को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया है। अब खुद हर्षवर्धन कपूर ने इन अफवाहों पर से पर्दा उठाया है और एक फैन के सवाल का जवाब देते हुए एक्टिंग छोड़ने की खबरों के पीछे का पूरा सच बयां किया है।

जब फैन ने पूछा— 'आखिर क्यों रुक गए भाई?'

दरअसल, यह पूरा मामला तब शुरू हुआ जब सोशल मीडिया पर एक फैन ने हर्षवर्धन के काम की जमकर तारीफ की और उनसे स्क्रीन से गायब होने की वजह पूछी। फैन ने लिखा, "हर्षवर्धन, मैं सोच रहा हूं कि आखिर आपने एक्टिंग से दूरी क्यों बना ली? आप एक बेहद टैलेंटेड एक्टर हैं और भले ही आपकी फिल्में ब्लॉकबस्टर न हों, लेकिन आपकी परफॉर्मेंस को हमेशा पसंद किया जाता है। अभी क्यों रुक गए? हसल करते रहो भाई! आपके पास तो खुद घर में रोल मॉडल के रूप में आपके पिता अनिल कपूर हैं, जो 69 की उम्र में भी इतने एनरजेटिक हैं। हम आपको स्क्रीन पर वापस देखना चाहते हैं।"

हर्षवर्धन का दो टूक जवाब— 'मैंने कोई स्टेप बैक नहीं लिया'

फैन के इस इमोशनल और सीधे सवाल पर हर्षवर्धन कपूर ने खुद कमेंट कर स्थिति साफ की। हर्ष ने एक्टिंग छोड़ने की खबरों को सिरे से खारिज करते हुए लिखा, "मैंने फिल्मों से कोई स्टेप बैक (दूरी) नहीं लिया है। साल 2022 में 'थार' की रिलीज के बाद से ही मैं लगातार अपने अगले और बेहद खास प्रोजेक्ट पर काम कर रहा हूं।" हर्ष के इस जवाब ने उनके फैंस को बड़ी राहत दी है कि वे जल्द ही पर्दे पर वापसी करने वाले हैं।

'लोगों को साल में 3 फिल्में देने वाले एक्टर्स की आदत है'

हर्षवर्धन ने बॉलीवुड के मौजूदा ट्रेंड पर बात करते हुए अपनी अपकमिंग फिल्म के लेट होने की असली वजह भी बताई। उन्होंने लिखा, "मुझे अपने इस नए प्रोजेक्ट को खत्म करने में करीब 2 से 3 साल का लंबा वक्त लग गया है और इस फिल्म को मैं खुद प्रोड्यूस भी कर रहा हूं। दरअसल, मुझे लगता है कि आज के दर्शकों को उन एक्टर्स को देखने की आदत हो गई है जिनकी साल में कई फिल्में आती हैं। लेकिन अगर आपको 'भावेश जोशी', 'थार' और 'एके वर्सेस एके' जैसी लीक से हटकर फिल्में देखनी हैं, तो ऐसी फिल्में साल में एक या दो बार नहीं बनतीं। यही कड़वी हकीकत है।"

कैसा रहा है हर्षवर्धन कपूर का अब तक का करियर?

अनिल कपूर के बेटे और सोनम कपूर के भाई हर्षवर्धन ने फिल्म इंडस्ट्री में अपने सफर की शुरुआत कैमरे के पीछे से की थी। उन्होंने रणबीर कपूर और अनुष्का शर्मा स्टारर फिल्म 'बॉम्बे वेलवेट' में बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर काम किया था। इसके बाद साल 2016 में उन्होंने राकेश ओमप्रकाश मेहरा की फिल्म 'मिर्जया' से बतौर मुख्य अभिनेता डेब्यू किया।

2 साल बाद यानी 2018 में वह विक्रमादित्य मोटवानी की चर्चित फिल्म 'भावेश जोशी सुपरहीरो' में नजर आए। इसके बाद वह 'एके वर्सेस एके' में अपने ही वास्तविक किरदार के कैमियो में दिखे। उनकी आखिरी फिल्म 'थार' (2022) थी, जिसमें उन्होंने अपने पिता अनिल कपूर के साथ स्क्रीन शेयर की थी और वे इस फिल्म के प्रोड्यूसर भी थे। फिलहाल हर्ष अपने अब तक के सबसे अलग और बड़े प्रोजेक्ट को पूरा करने में जुटे हैं।