अब वीज़ा मिलने के बाद भी अमेरिका रखेगा नज़र, सोशल मीडिया डिटेल देना अनिवार्य

Post

India News Live,Digital Desk : अमेरिका की वीज़ा नीति अब पहले से कहीं ज़्यादा सख्त हो गई है। ट्रंप प्रशासन के समय से शुरू हुआ यह कड़ा रुख अब भी जारी है। अमेरिका जाना अब केवल वीज़ा मिलने भर से मुमकिन नहीं होगा, बल्कि उसके बाद भी जांच जारी रहेगी।

भारत में मौजूद अमेरिकी दूतावास ने हाल ही में साफ किया है कि वीज़ा जारी हो जाने के बाद भी आव्रजन नियमों की निगरानी खत्म नहीं होती। अगर कोई व्यक्ति अमेरिका के कानूनों का उल्लंघन करता है या फिर आव्रजन नियमों को तोड़ता है, तो उसका वीज़ा रद्द कर दिया जाएगा और उसे देश से वापस भेज दिया जाएगा।

दूतावास की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी दी गई कि अमेरिका वीज़ा जारी करने के बाद भी वीज़ा धारकों की गतिविधियों पर लगातार नज़र रखता है। ऐसा सुनिश्चित करने के लिए कि व्यक्ति अमेरिकी कानूनों का सही से पालन कर रहा है, नियमित जांच की जाती है। नियम तोड़ने की स्थिति में व्यक्ति का वीज़ा रद्द कर, उसे अमेरिका से निकाल दिया जाता है।

इतना ही नहीं, अब वीज़ा आवेदन करते समय उम्मीदवार को अपनी सोशल मीडिया की जानकारी भी देनी अनिवार्य कर दी गई है। इसमें पिछले पांच सालों में इस्तेमाल किए गए सभी सोशल मीडिया अकाउंट्स की डिटेल्स — जैसे यूज़रनेम या हैंडल — देना ज़रूरी होगा।

इस नए नियम का मकसद अमेरिका में अवैध रूप से घुसने की कोशिशों को रोकना और सुरक्षा के लिहाज से पुख्ता जांच सुनिश्चित करना है।
अमेरिकी दूतावास ने सभी वीज़ा आवेदकों को सलाह दी है कि वे ईमानदारी से सभी सूचनाएं दें और नियमों का पूरी तरह से पालन करें, ताकि आगे चलकर किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।