लखनऊ एयरपोर्ट पर अब 24 घंटे उड़ानें, रनवे अपग्रेड और नए टैक्सी-वे से यात्रियों को राहत
- by Priyanka Tiwari
- 2025-08-16 16:24:00
India News Live,Digital Desk : चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, लखनऊ से यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। शनिवार से यहां उड़ान सेवाएं चौबीसों घंटे उपलब्ध रहेंगी। दरअसल, रनवे की मरम्मत और दो नए टैक्सी-वे के निर्माण का काम पूरा हो चुका है। इसी कारण बीते मार्च से जो उड़ानों पर रोजाना चार घंटे की रोक थी, वह अब हटा ली जाएगी।
एक मार्च से बंद पड़ी आठ उड़ानें भी फिर से शुरू हो जाएंगी। अभी तक एयरपोर्ट सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक बंद रहता था, जबकि यही समय घरेलू लंबी दूरी की उड़ानों के लिए सबसे ज्यादा व्यस्त माना जाता है। रनवे की रीकारपेटिंग और लाइटिंग सिस्टम बदलने का काम अब पूरा हो चुका है।
इस समय एयरपोर्ट पर पांच टैक्सी-वे हैं, लेकिन अब दो और नए टैक्सी-वे बन जाने से विमानों की आवाजाही और आसान हो जाएगी। खासकर व्यस्त समय में फ्लाइट लेट होने की दिक्कत काफी हद तक कम हो जाएगी।
फिलहाल एयरपोर्ट से 28 घरेलू शहरों के लिए 128 उड़ानें और 8-10 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रोज संचालित हो रही हैं। पहले जो उड़ानें समय बदलकर चलाई जा रही थीं, उन्हें अब फिर से सही समय पर संचालित किया जाएगा।
एयरपोर्ट प्रबंधन का कहना है कि अब रनवे पहले से ज्यादा सुरक्षित हो गया है और जल्द ही इसे और भी विस्तार दिया जाएगा। इसके लिए बिजनौर की ओर पांच गांवों की 54 एकड़ जमीन अधिग्रहित करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिला प्रशासन और एयरपोर्ट प्राधिकरण संयुक्त सर्वे करेंगे।
रनवे की लंबाई बढ़ाकर 3,500 मीटर कर दी जाएगी। ऐसा होने के बाद यहां से अमेरिका और ब्रिटेन के बड़े शहरों के लिए भी सीधी उड़ानें शुरू करना संभव होगा, क्योंकि वर्तमान लंबाई बड़े विमानों के लिए पर्याप्त नहीं है।