उत्तर कोरिया ने दक्षिण कोरिया पर दागी मिसाइलें, इजरायल-ईरान युद्ध के बीच तनाव और गहराया
India News Live,Digital Desk : इजरायल और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच एशिया के एक और हिस्से में हालात बिगड़ते जा रहे हैं। उत्तर कोरिया ने अचानक दक्षिण कोरिया की ओर दस से अधिक रॉकेट दाग दिए हैं। दक्षिण कोरियाई सेना के अनुसार, ये रॉकेट उत्तर कोरिया की राजधानी प्योंगयांग के नजदीक स्थित सुनान क्षेत्र से लॉन्च किए गए।
दक्षिण कोरिया का कहना है कि ये हमले कम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलों के ज़रिए किए गए हैं। हालांकि, अभी तक किसी जान-माल के नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है और उत्तर कोरिया की ओर से भी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
गौरतलब है कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद पहले ही उत्तर कोरिया पर बैलिस्टिक मिसाइलों के इस्तेमाल को लेकर प्रतिबंध लगा चुकी है, बावजूद इसके प्योंगयांग लगातार ऐसे हथियारों का परीक्षण और इस्तेमाल करता आ रहा है।
उधर, पश्चिम एशिया में इजरायल और ईरान के बीच हालात बेहद गंभीर हो गए हैं। 13 जून की सुबह इजरायल ने ईरान पर बड़ा सैन्य हमला कर दिया, जिसमें ईरान के करीब 600 नागरिकों की जान चली गई। जवाबी कार्रवाई में ईरान ने भी इजरायल को भारी नुकसान पहुँचाया है।
इजरायल का दावा है कि उसका मकसद ईरान को किसी भी सूरत में परमाणु हथियार बनाने से रोकना है, क्योंकि उसे डर है कि ये हथियार इजरायल के खिलाफ इस्तेमाल किए जा सकते हैं। इस संघर्ष में अब अमेरिका भी शामिल हो गया है।
हालांकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी है कि अगर ईरान ने अमेरिका या उसके सहयोगियों को किसी भी तरह का नुकसान पहुंचाने की कोशिश की, तो उसका अंजाम बेहद गंभीर होगा।
यह घटना न केवल कोरियाई प्रायद्वीप में तनाव को बढ़ा रही है, बल्कि वैश्विक स्तर पर शांति और स्थिरता के लिए भी बड़ा खतरा बनकर उभर रही है।