New Rules for LPG Cylinder Booking: अब महीने में कितने मिलेंगे सिलेंडर? BPCL ने बदला सिस्टम, बुकिंग से पहले जान लें ये 5 बड़ी बातें

Post

India News Live,Digital Desk : पश्चिम एशिया में जारी तनाव और गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सरकार और गैस कंपनियों ने एलपीजी (LPG) सिलेंडर की बुकिंग के नियमों में बड़े बदलाव किए हैं। भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) द्वारा जारी इन नए नियमों का सीधा असर करोड़ों घरेलू उपभोक्ताओं पर पड़ेगा। अब आप अपनी मर्जी से जब चाहें सिलेंडर बुक नहीं कर पाएंगे। आइए जानते हैं क्या हैं ये नए 'स्मार्ट नियम'।

1. महीने और साल की कोटा सीमा (Quata Limit)

नए नियमों के मुताबिक, अब गैस सिलेंडर की बुकिंग पर संख्या तय कर दी गई है:

महीने की सीमा: एक सामान्य उपभोक्ता एक महीने में अधिकतम 2 सिलेंडर ही बुक कर सकता है।

सालाना सीमा: एक वित्तीय वर्ष (1 अप्रैल से 31 मार्च) में एक कनेक्शन पर अधिकतम 15 सिलेंडर बुक किए जा सकते हैं।

सब्सिडी का गणित: इन 15 सिलेंडरों में से 12 सिलेंडर पर ही सरकार सब्सिडी (रियायत) देगी। बाकी के 3 सिलेंडर आपको गैर-रियायती (Non-Subsidized) दरों पर खरीदने होंगे।

2. बुकिंग के बीच का अंतर बढ़ा (25 दिनों का नियम)

पहले एक सिलेंडर लेने के 21 दिन बाद आप दूसरा सिलेंडर बुक कर सकते थे, लेकिन अब इस 'वेटिंग पीरियड' को बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है। यानी अब आपको अगले सिलेंडर के लिए कम से कम 25 दिन का इंतजार करना अनिवार्य होगा।

3. 'हेलो बीपीसीएल' ऐप पर देने होंगे इन सवालों के जवाब

अगर आपका 12 सिलेंडरों का सालाना कोटा खत्म हो गया है और आप अतिरिक्त सिलेंडर चाहते हैं, तो बीपीसीएल ने एक नई पूछताछ प्रणाली शुरू की है। 'Hello BPCL' ऐप के माध्यम से बुकिंग करते समय आपसे पूछा जाएगा:

क्या आपके घर में कोई शादी या पारिवारिक समारोह है?

मेहमानों की अनुमानित संख्या कितनी है?

आपके जवाबों की समीक्षा के बाद ही सिस्टम तय करेगा कि आप अतिरिक्त सिलेंडर के पात्र हैं या नहीं।

4. बिना OTP (DAC) नहीं मिलेगी डिलीवरी

सुरक्षा और कालाबाजारी रोकने के लिए अब डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (DAC) अनिवार्य है।

सिलेंडर की बुकिंग के बाद आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक OTP आएगा।

जब डिलीवरी बॉय आपके घर सिलेंडर लेकर आएगा, तो आपको उसे यह कोड बताना होगा। बिना कोड साझा किए सिलेंडर की डिलीवरी नहीं की जाएगी।

5. ई-केवाईसी (e-KYC) और मोबाइल नंबर अपडेट

अनिवार्य केवाईसी: सरकार ने सभी उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य कर दिया है। जिन लोगों का केवाईसी अपडेट नहीं है, उनकी सब्सिडी रोकी जा सकती है या बुकिंग ब्लॉक हो सकती है।

रजिस्टर्ड नंबर: गैस की बुकिंग केवल आपके पंजीकृत (Registered) मोबाइल नंबर से ही होगी। यदि आपने नंबर बदल लिया है, तो उसे तुरंत गैस एजेंसी में जाकर अपडेट करवाएं।