New crisis : ओला इलेक्ट्रिक के शेयरों में गिरावट, भाविश अग्रवाल की फाइनेंशियल चाल चर्चा में
- by Priyanka Tiwari
- 2025-06-07 01:37:00
India News Live, Digital Desk: आज के शेयर बाजार में बैंकिंग, ऑटो और रियल एस्टेट सेक्टर में भारी खरीदारी रही, लेकिन ओला इलेक्ट्रिक के शेयरों का प्रदर्शन कमजोर रहा। 5 जून को इसके स्टॉक्स करीब 2% तक टूट गए। वजह बनी CEO भाविश अग्रवाल की हालिया वित्तीय रणनीति।
खबर है कि भाविश अग्रवाल ने शेयर की गिरती कीमतों के चलते नकद भुगतान के रूप में करीब 20 करोड़ रुपये चुकाए। यह राशि उन्होंने गिरवी रखे गए शेयरों के एवज में दी, ताकि और कर्ज लिया जा सके।
पिछले साल दिसंबर में उन्होंने ओला इलेक्ट्रिक के शेयर गिरवी रखकर अपने AI प्लेटफॉर्म ‘क्रुट्रिम’ के लिए 250 करोड़ रुपये जुटाए थे। इसके बाद मार्च में उन्होंने लगभग 5.88 करोड़ अतिरिक्त शेयर गिरवी रखे ताकि फंडिंग जारी रखी जा सके।
ओला इलेक्ट्रिक के शेयरों ने शुरुआत में जबरदस्त प्रदर्शन किया था। अगस्त 2024 में जब ये 76 रुपये की दर पर लिस्ट हुए थे, तब कुछ ही समय में ये 157 रुपये तक पहुंच गए थे। लेकिन अब इनमें भारी गिरावट दर्ज की गई है और कीमत 48.67 रुपये तक आ गई है।
बड़े निवेशकों की नाराजगी
कंपनी में सॉफ्टबैंक, हुंडई और किआ जैसे प्रमुख निवेशकों ने हाल के दिनों में अपनी हिस्सेदारी घटाई है। इसके पीछे कंपनी की वित्तीय सेहत और गवर्नेंस से जुड़ी चिंताओं को प्रमुख कारण माना जा रहा है। ताजा रिपोर्ट्स बताती हैं कि इस तिमाही में ओला इलेक्ट्रिक का घाटा तीन गुना से अधिक हो गया है।