गौरव के 11 साल: नड्डा बोले- मोदी राज ने बदल दी राजनीति की परिभाषा
India News Live, Digital Desk: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने मोदी सरकार के 11 वर्षों को ‘संकल्प से सिद्धि’ की एक प्रेरणादायक यात्रा करार दिया है। उन्होंने कहा कि इन वर्षों में देश की राजनीति की दिशा और सोच पूरी तरह बदल गई है।
नड्डा ने बीते दौर की सरकारों को याद करते हुए कहा कि 2014 से पहले देश में भ्रष्टाचार और घोटालों का बोलबाला था। तुष्टिकरण की राजनीति हावी थी और सत्ता को बचाने के लिए समाज को बांटने का काम किया जाता था। लेकिन जबसे नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने हैं, तबसे राजनीतिक संस्कृति में बदलाव आया है। अब काम का हिसाब, जवाबदेही और परिणामों की राजनीति का युग शुरू हुआ है।
भाजपा मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में नड्डा ने मोदी सरकार की कई उपलब्धियों को गिनाया। उन्होंने कहा कि अब सरकार पारदर्शिता, मजबूत नेतृत्व और आर्थिक अनुशासन की मिसाल बन चुकी है। आज देश के लोगों को यह विश्वास है कि प्रधानमंत्री मोदी हर समस्या का समाधान कर सकते हैं।
उन्होंने धारा 370 की समाप्ति, नागरिकता संशोधन अधिनियम, वक्फ कानून में संशोधन, महिला आरक्षण और नोटबंदी जैसे साहसिक निर्णयों का उल्लेख करते हुए कहा कि ये बदलाव केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर असर डालने वाले कदम हैं।
नड्डा ने कहा कि भारत अब दुनिया की शीर्ष 5 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो गया है, और ‘गरीबी हटाओ’ जैसे पुराने नारों से आगे बढ़कर अब 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठ चुके हैं। सरकार की योजनाएं आम जनता तक पहुंची हैं और उनका जीवन बदला है।
उन्होंने यह भी बताया कि कैसे पहली बार देश ने देखा कि प्रधानमंत्री ने आतंकवाद और नक्सलवाद पर सीधा और सख्त रुख अपनाया। सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट एयरस्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसी कार्रवाइयों ने दुनिया को भारत की ताकत दिखाई।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए नड्डा ने कहा कि राहुल गांधी बिना आधार के सवाल उठाते हैं, उन्हें भगवान सद्बुद्धि दे। इस प्रेस वार्ता में पार्टी के वरिष्ठ नेता अरुण सिंह, सुनील बंसल और केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव भी मौजूद थे।