मुस्लिम युवक ने दिखाई इंसानियत की मिसाल, संत प्रेमानंद महाराज को किडनी दान करने की जताई इच्छा

Post

India News Live,Digital Desk : मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम ज़िले के इटारसी के रहने वाले आरिफ़ ख़ान चिश्ती ने इंसानियत और भाईचारे की बड़ी मिसाल पेश की है। उन्होंने वृंदावन के संत प्रेमानंद महाराज को अपनी एक किडनी दान करने की इच्छा जताई है। इसके लिए आरिफ़ ने संत प्रेमानंद महाराज को एक भावुक पत्र लिखा और ईमेल व व्हाट्सएप के ज़रिए यह संदेश उनके ग्रुप तक पहुँचाया।

आरिफ़ का यह कदम सोशल मीडिया पर जमकर सराहा जा रहा है और लोग उनकी खुले दिल से तारीफ़ कर रहे हैं।

आरिफ़ ख़ान चिश्ती का पत्र

ऑनलाइन काम करने वाले आरिफ़ ख़ान चिश्ती संत प्रेमानंद महाराज की शिक्षाओं और प्रवचनों से काफी प्रभावित हैं। वह नियमित रूप से उनके प्रवचन सुनते हैं और उनके आचरण को अपने जीवन में अपनाने की कोशिश करते हैं।

जब उन्हें सोशल मीडिया से पता चला कि संत प्रेमानंद महाराज की दोनों किडनियां खराब हो चुकी हैं, तो वे बहुत चिंतित हो गए। इसके बाद उन्होंने 20 अगस्त को पत्र लिखकर कहा—
“महाराज, आप हिंदू-मुस्लिम एकता के प्रतीक हैं। मैं स्वेच्छा से अपनी एक किडनी दान करना चाहता हूँ। आज के नफ़रत भरे दौर में दुनिया को आप जैसे संतों की बहुत ज़रूरत है। मैं रहूँ या न रहूँ, लेकिन आप इस दुनिया के लिए ज़रूरी हैं।”

आरिफ़ ने यह भी बताया कि उनके इस फ़ैसले में उनका पूरा परिवार—पत्नी, पिता और तीनों भाई—पूरी तरह उनके साथ खड़ा है।

यह भावुक पहल आज के समय में इंसानियत, प्रेम और सद्भाव का सुंदर संदेश देती है।