मुकेश खन्ना ने जया बच्चन के गुस्सैल व्यवहार पर साधा निशाना, कहा- 'पत्रकारों के बिना आप कुछ नहीं'

Post

India News Live,Digital Desk : अभिनेता मुकेश खन्ना ने अभिनेत्री और राज्यसभा सांसद जया बच्चन के हालिया व्यवहार पर नाराज़गी जताई है। जया बच्चन अक्सर अपने गुस्से और सख्त स्वभाव के कारण चर्चा में रहती हैं। हाल ही में सामने आए एक वीडियो में वह दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में एक शख्स को धक्का देती हुई नजर आईं, जिसने उनके साथ सेल्फी लेने की कोशिश की थी। इस घटना के बाद वह सोशल मीडिया पर बुरी तरह ट्रोल हो गईं।

फिल्मी ज्ञान को दिए एक इंटरव्यू में मुकेश खन्ना ने कहा कि पत्रकारों और प्रशंसकों के साथ जया बच्चन का बर्ताव लगातार बिगड़ता जा रहा है। उन्होंने जया पर तंज कसते हुए कहा, "आप बार-बार कहती हैं- 'आप कौन हैं? क्या कर रहे हैं? क्या चाहते हैं?' लेकिन सच्चाई यह है कि आप इन्हीं लोगों की वजह से यहां तक पहुंची हैं।"

खन्ना ने यह भी आरोप लगाया कि जया बच्चन जानबूझकर प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ बयान देती हैं। उन्होंने यहां तक कहा कि कभी-कभी उनका व्यवहार देखकर लगता है कि वह अपना आपा खो बैठी हैं।

गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब जया बच्चन का ऐसा रवैया सामने आया है। वह पहले भी पैपराजी और प्रशंसकों के साथ रूखेपन से पेश आ चुकी हैं। अभिनेत्री कंगना रनौत ने भी उनके हालिया व्यवहार की कड़ी आलोचना की है।