Monsoon update : कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, जानें कहां-कहां होगी तेज़ बरसात
- by Priyanka Tiwari
- 2025-09-16 14:59:00
India News Live,Digital Desk : कई राज्यों में मानसून की रफ्तार फिलहाल थमने का नाम नहीं ले रही। मौसम विभाग (IMD) ने आने वाले 2-3 दिनों में पूर्वोत्तर भारत और महाराष्ट्र के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं, राजस्थान, पंजाब और गुजरात के कुछ हिस्सों से अगले दो दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के लौटने की उम्मीद है।
आईएमडी ने आज पूर्वी उत्तर प्रदेश के 16 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
पूर्वोत्तर भारत में लगातार बारिश
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 21 सितंबर तक लगातार बारिश होती रहेगी।
मध्य भारत में भारी बारिश की संभावना
15 से 19 सितंबर के बीच मध्य प्रदेश, ओडिशा, विदर्भ, छत्तीसगढ़ और झारखंड में भी भारी बारिश के आसार हैं।
पश्चिम भारत पर असर
कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में आज भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
दिल्ली-एनसीआर का मौसम
दिल्ली में 18 सितंबर तक आसमान साफ रहने की संभावना है, हालांकि हल्के बादल छाए रहेंगे। तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
उत्तर प्रदेश का मौसम
यूपी के कई हिस्सों में आज (16 सितंबर) बारिश होने की संभावना है।
पश्चिमी यूपी में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
पूर्वी यूपी में कई स्थानों पर गरज के साथ भारी बारिश की आशंका है।
इस दौरान बिजली गिरने और बौछारों का खतरा भी बना रहेगा।
बिहार का मौसम
बिहार में भी मौसम अचानक बदल गया है। मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक राज्य में गरज-चमक के साथ तेज़ बारिश का अनुमान लगाया है। 15 से 19 सितंबर के बीच बिहार के कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।