मोदी बोले- टैक्स कटौती से आम लोगों की जेब में आएगी राहत
India News Live,Digital Desk : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि जीएसटी दरों में हाल के बदलाव आम जनता के लिए बड़ी राहत लेकर आए हैं। उनका मानना है कि आयकर छूट की सीमा 12 लाख रुपये तक किए जाने के बाद अब जीएसटी में कमी से घर का बजट संभलेगा और लोगों की बचत बढ़ेगी।
राष्ट्रपति पुरस्कार के लिए चयनित शिक्षकों से बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि 2014 से पहले की सरकारों ने जनता पर टैक्स का भारी बोझ डाला हुआ था। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि तब 100 रुपये की चीज़ खरीदने पर 20 से 25 रुपये तक का टैक्स देना पड़ता था, जबकि आज रोजमर्रा के इस्तेमाल की कई चीजें टैक्स-फ्री हो गई हैं।
निरंतर सुधारों पर ज़ोर
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश को वैश्विक प्रतिस्पर्धा में टिके रहने के लिए समय-समय पर बदलाव और सुधार जरूरी हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान सरकार का ध्यान जनता की बचत बढ़ाने और बोझ कम करने पर है।
उन्होंने कहा कि पहले आम साइकिल पर 17% टैक्स लगता था, सिलाई मशीन पर 16% और सीमेंट पर 29% तक टैक्स वसूला जाता था। होटल के कमरों पर भारी टैक्स था, जबकि अब 7,500 रुपये तक के होटल रूम पर सिर्फ 5% टैक्स है।
किसानों और छोटे कारोबारियों को राहत
पीएम ने बताया कि कृषि उपकरणों, उर्वरकों और दवाओं पर 12-14% टैक्स लगता था, जिसे घटाकर अब शून्य या 5% कर दिया गया है। इससे किसानों की लागत घटेगी और उत्पादन बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था अब आठ प्रतिशत की विकास दर के साथ दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है और आने वाले समय में और भी सुधार किए जाएंगे।
शिक्षकों को संदेश
प्रधानमंत्री मोदी ने शिक्षकों से स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत का संदेश हर घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को स्कूल असेंबली में इस पर चर्चा करने और उनसे जुड़ी पहल करने के लिए प्रेरित करें। इस दौरान उन्होंने ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े नए कानून के बारे में भी छात्रों को जागरूक करने पर ज़ोर दिया। उनकी मज़ाकिया टिप्पणी “आज मैं आपका होमवर्क कर रहा हूँ” सुनकर कार्यक्रम में मौजूद शिक्षक मुस्कुरा उठे।