पूर्व अग्निवीरों के लिए बड़ी सौगात: यूपी पुलिस में मिलेगी 20% आरक्षण और उम्र में छूट
Prabhat Vaibhav,Digital Desk : उत्तर प्रदेश सरकार ने पूर्व अग्निवीरों के लिए एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। अब यूपी पुलिस में सीधी भर्ती के तहत उन्हें 20% क्षैतिज आरक्षण मिलेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार, 3 जून को हुई कैबिनेट बैठक में यह बड़ा फैसला लिया गया।
इस फैसले को लेकर सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपनी भावनाएं भी साझा कीं। उन्होंने लिखा, "मां भारती की सेवा के लिए समर्पित हमारे 'अग्निवीर' राष्ट्र की अमूल्य निधि हैं।"
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि चार साल की सेवा के बाद पूर्व अग्निवीरों के सम्मानजनक पुनर्वास के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने उन्हें पुलिस में 20% आरक्षण देने का निर्णय लिया है। साथ ही, आयु सीमा में भी 3 साल की छूट दी जाएगी।
किन पदों पर मिलेगा लाभ?
यह आरक्षण यूपी पुलिस के आरक्षी (Constable), पीएसी (PAC), घुड़सवार आरक्षी और फायरमैन की सीधी भर्ती में लागू होगा। इस निर्णय के बाद उत्तर प्रदेश ऐसा करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है।
सीएम योगी ने भरोसा जताया कि यह प्रशिक्षित, अनुशासित और राष्ट्रभक्ति से भरपूर बल राज्य की सुरक्षा और विकास में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने इसे "सुरक्षित उत्तर प्रदेश-समृद्ध उत्तर प्रदेश" के लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना का बयान
राज्य के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने भी इस निर्णय का स्वागत किया और मुख्यमंत्री की सराहना करते हुए कहा कि यह फैसला न केवल पूर्व अग्निवीरों को भविष्य की सुरक्षा देगा, बल्कि प्रदेश को एक कुशल सुरक्षा बल भी प्रदान करेगा।