June 19 2026 10:48 am

Drug case mastermind now in India : दुबई से लाया गया कुब्बावाला मुस्तफा, CBI की बड़ी कार्रवाई

Post

India News Live,Digital Desk : सिंथेटिक ड्रग रैकेट के मास्टरमाइंड कुब्बावाला मुस्तफा को केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से भारत लाकर मुंबई पुलिस के हवाले कर दिया है। शुक्रवार, 11 जुलाई 2025 को इस अहम गिरफ्तारी की जानकारी खुद CBI ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।

CBI की अंतरराष्ट्रीय पुलिस सहयोग इकाई (IPCU) और अबू धाबी स्थित नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के संयुक्त प्रयासों से मुस्तफा को इंटरपोल के जरिए ट्रैक कर भारत लाया गया। इस आरोपी के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था और यह मुंबई पुलिस का वांछित अपराधी था।

7 जुलाई को दुबई रवाना हुई थी टीम

CBI की चार सदस्यीय विशेष टीम 7 जुलाई को दुबई रवाना हुई थी ताकि ड्रग फैक्ट्री के मुख्य आरोपी मुस्तफा को भारत लाया जा सके। शुक्रवार को टीम उसे लेकर मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंची। पहले से ही UAE में उसकी लोकेशन कंफर्म हो चुकी थी, जिसके बाद इंटरपोल और अबू धाबी की एजेंसियों के सहयोग से इस ऑपरेशन को अंजाम दिया गया।

क्या हैं आरोप?

कुब्बावाला मुस्तफा पर महाराष्ट्र के सांगली जिले में एक अवैध सिंथेटिक ड्रग फैक्ट्री चलाने का आरोप है। वह विदेश में रहते हुए भारत में मादक पदार्थों का कारोबार संभाल रहा था। मुंबई के कुर्ला पुलिस स्टेशन में उसके खिलाफ केस नंबर 67/2024 के तहत प्राथमिकी दर्ज है।

CBI के अनुसार, मुस्तफा और उसके साथियों की फैक्ट्री से करीब 126.141 किलोग्राम मेफेड्रोन ड्रग्स बरामद हुई है, जिसकी बाजार में कीमत 2.522 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस मामले में पहले ही चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है और अदालत ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था।

कैसे हुई गिरफ्तारी?

19 जून 2025 को अबू धाबी की NCB यूनिट ने CBI को सूचित किया था कि वे मुस्तफा को भारत भेजने की प्रक्रिया शुरू करना चाहते हैं। इसके लिए भारतीय एजेंसियों से सिक्योरिटी मिशन भेजने का अनुरोध किया गया था। इसके बाद एक विशेष टीम गठित कर उसे भारत लाने की योजना पर तेजी से अमल किया गया।