BREAKING:
July 25 2026 09:42 am

भूमाफियाओं की नहीं चलेगी मनमानी: सोहरखा में 18 करोड़ की जमीन से हटाया अवैध कब्जा

Post

India News Live,Digital Desk : नोएडा के सोहरखा जाहिदाबाद गांव में भूमाफियाओं द्वारा कब्जाई गई लगभग 4500 वर्ग मीटर सरकारी जमीन पर बने अवैध निर्माण को प्राधिकरण की टीम ने मंगलवार को ध्वस्त कर दिया। इस जमीन की अनुमानित कीमत करीब 18 करोड़ रुपये बताई जा रही है। प्राधिकरण द्वारा पहले ही नोटिस जारी कर चेतावनी दी गई थी, लेकिन न तो अवैध निर्माण हटाया गया और न ही कोई जवाब दिया गया।

इसके बाद वर्क सर्किल-6 की टीम ने पुलिस बल के साथ मिलकर विशेष अभियान चलाया और जेसीबी मशीनों की मदद से निर्माण को गिरा दिया। इस कार्रवाई का कुछ लोगों ने विरोध किया, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस ने स्थिति को शांतिपूर्वक नियंत्रित कर लिया।

वर्क सर्किल छह के वरिष्ठ प्रबंधक केबी सिंह ने बताया कि खसरा नंबर 949, 615, 618, और 612 पर बनी यह संपत्ति प्राधिकरण की अधिसूचित भूमि है। इस जमीन पर अवैध रूप से प्लॉट काटे गए थे और उनके चारों ओर बाउंड्री व गेट लगाकर कमरे बना दिए गए थे।

जब टीम मौके पर पहुंची, तो कुछ लोग दस्तावेज लेकर आए, लेकिन जांच में दस्तावेज असंतोषजनक पाए गए। करीब आधे घंटे की कार्रवाई में निर्माण गिरा दिया गया। अब इस जमीन की फेंसिंग कराई जा रही है ताकि दोबारा कोई अवैध कब्जा न हो सके।

सीईओ ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसी आदेश के तहत यह पूरी कार्रवाई अंजाम दी गई है।