1 जुलाई से रेलवे टिकट बुकिंग में बड़े बदलाव, जानिए क्या होगा असर
India News Live,Digital Desk : अगर आप भारतीय रेलवे से सफर करते हैं, तो 1 जुलाई 2025 से पहले ये खबर जानना आपके लिए बेहद जरूरी है। रेलवे टिकट बुकिंग से जुड़े पांच अहम नियमों में बदलाव होने जा रहा है, जो आपकी यात्रा को सीधे प्रभावित करेंगे। ये बदलाव पारदर्शिता, सुरक्षा और व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से किए गए हैं। आइए सरल भाषा में समझते हैं कि इन नियमों में क्या बदलेगा और कैसे होगा आपका फायदा या नुकसान।
1. तत्काल टिकट के लिए आधार से लिंक अनिवार्य
अब तत्काल टिकट उन्हीं यात्रियों को मिल पाएंगे, जिनका IRCTC अकाउंट आधार कार्ड से लिंक है। बुकिंग शुरू होने के पहले 10 मिनट तक सिर्फ आधार लिंक किए गए यूजर्स ही टिकट बुक कर सकेंगे। एजेंट इन 10 मिनटों में टिकट बुक नहीं कर पाएंगे। इसलिए समय रहते अपना IRCTC प्रोफाइल अपडेट कर लें।
2. टिकट बुकिंग के समय OTP अनिवार्य होगा
15 जुलाई से, टिकट बुक करते समय आपके आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर OTP आएगा। जब तक इस OTP को दर्ज नहीं किया जाएगा, टिकट की पुष्टि नहीं होगी। साथ ही एजेंट केवल बुकिंग विंडो खुलने के 30 मिनट बाद ही तत्काल टिकट बुक कर सकेंगे। भविष्य में काउंटर बुकिंग के लिए भी आधार वेरिफिकेशन लागू किया जा सकता है।
3. किराए में मामूली बढ़ोतरी
अब नॉन-AC टिकट में 1 पैसा/किमी और AC टिकट में 2 पैसे/किमी की बढ़ोतरी की गई है। उदाहरण के लिए 500 किमी की यात्रा पर नॉन-AC टिकट में लगभग ₹5 और AC टिकट में ₹10 की वृद्धि होगी। इससे रेलवे को सालाना लगभग ₹900 करोड़ का अतिरिक्त राजस्व मिल सकता है।
4. वेटिंग टिकट की सीमा तय
हर कोच में सीटों की कुल संख्या के अधिकतम 25% तक ही वेटिंग टिकट जारी होंगे। उदाहरण के लिए अगर कोच में 100 सीट हैं, तो सिर्फ 25 वेटिंग टिकट दिए जाएंगे। इससे बुकिंग सिस्टम अधिक पारदर्शी होगा। महिलाओं और दिव्यांगों को इस नियम में छूट दी गई है।
5. रिजर्वेशन चार्ट अब 8 घंटे पहले तैयार होगा
पहले ट्रेन छूटने से 4 घंटे पहले रिजर्वेशन चार्ट बनता था, लेकिन अब यह 8 घंटे पहले तैयार किया जाएगा। इससे यात्रियों को यह जानने का पर्याप्त समय मिल जाएगा कि उनका टिकट कन्फर्म हुआ है या नहीं। सुबह 2 बजे से पहले चलने वाली ट्रेनों के लिए चार्ट रात 9 बजे ही तैयार हो जाएगा।
यात्रियों के लिए चेतावनी
इन बदलावों से उन यात्रियों को अधिक सतर्क रहना होगा जो अक्सर ऑनलाइन टिकट बुक करते हैं। अगर आप सफर को बिना रुकावट और तनाव के करना चाहते हैं तो इन नियमों को समझें और 1 जुलाई से पहले ही सभी जरूरी अपडेट कर लें।