BREAKING:
October 16 2026 12:20 am

Karachi Building Collapse: कराची में सेहरी के समय मलबे के ढेर में तब्दील हुई तीन मंजिला इमारत, सिलेंडर ब्लास्ट ने ली 16 जान; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Post

India News Live,Digital Desk : पड़ोसी देश पाकिस्तान के कराची शहर से एक रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है। बुधवार तड़के कराची के सोल्जर बाजार इलाके में एक रिहायशी इमारत में हुए भीषण गैस सिलेंडर ब्लास्ट ने तबाही मचा दी। धमाका इतना जोरदार था कि देखते ही देखते तीन मंजिला इमारत ताश के पत्तों की तरह ढह गई। इस हृदयविदारक हादसे में महिलाओं और बच्चों समेत कम से कम 16 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है, जबकि 14 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

सेहरी के वक्त हुआ जोरदार धमाका

पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स और एएसपी जमशेद अशर के मुताबिक, यह भीषण हादसा सुबह करीब 4:15 बजे पेश आया। उस वक्त रमजान के मद्देनजर लोग सेहरी की तैयारी कर रहे थे। बताया जा रहा है कि बिल्डिंग की पहली मंजिल पर अचानक सिलेंडर फट गया। धमाके के कारण इमारत का ढांचा पूरी तरह कमजोर होकर जमींदोज हो गया। मलबे के नीचे कई परिवार दब गए, जिससे चीख-पुकार मच गई।

मलबे से अब तक 16 शव बरामद

रेस्क्यू ऑपरेशन में लगे अधिकारियों ने पुष्टि की है कि मरने वालों में 8 मासूम बच्चे, 4 महिलाएं और 4 पुरुष शामिल हैं। मृतकों की उम्र 2 साल से लेकर 60 साल के बीच बताई जा रही है। वहीं, घायलों में भी 7 नाबालिग शामिल हैं, जिन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत एवं बचाव कार्य (Rescue 1122) की टीम लगातार मलबे को हटाने में जुटी है, लेकिन गलियां तंग होने की वजह से भारी मशीनों को वहां तक ले जाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।

अवैध निर्माण ने बढ़ाई तबाही की गंभीरता

शुरुआती जांच और रिपोर्ट्स में यह बात सामने आई है कि जिस इमारत में यह हादसा हुआ, वह अवैध तरीके से बनाई गई थी। बिल्डिंग का स्ट्रक्चर काफी कमजोर था और वह सुरक्षा मानकों पर खरी नहीं उतरती थी। इमारत के गिरने से आसपास के घरों को भी नुकसान पहुंचा है। सिंध के मुख्यमंत्री मुराद अली शाह ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और कराची कमिश्नर को हादसे के कारणों की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने पीड़ितों को हर संभव चिकित्सा सहायता और पुनर्वास के निर्देश भी जारी किए हैं।