June 18 2026 11:25 pm

‘कांटा लगा गर्ल’ शेफाली जरीवाला की अचानक मौत से सदमे में फैंस, अंतिम इच्छा ने छोड़ा भावुक

Post

India News Live,Digital Desk : ‘कांटा लगा’ फेम शेफाली जरीवाला के निधन की खबर ने फैंस को गहरे सदमे में डाल दिया। बिग बॉस 13 की यह चर्चित कंटेस्टेंट 27 जून को करीब 11 बजे इस दुनिया को अलविदा कह गईं। अचानक आई मौत की खबर पर किसी को भी यकीन नहीं हो रहा था।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, निधन से पहले शेफाली ने अपने घर पर सत्यनारायण की पूजा रखी थी और उपवास किया था। इस दौरान उन्होंने बिना डॉक्टर से परामर्श लिए कुछ एंटी-एजिंग पिल्स ले ली थीं, जिससे उनका ब्लड प्रेशर गिर गया। इसका असर इतना गंभीर था कि उन्हें कार्डियक अरेस्ट हो गया।

10 महीने पहले बताई थी अपनी अंतिम इच्छा
मौत से करीब 10 महीने पहले शेफाली जरीवाला ने अपनी आखिरी ख्वाहिश ज़ाहिर की थी। उन्होंने यह बात बिग बॉस 13 के सह-प्रतिभागी पारस छाबड़ा के पॉडकास्ट में कही थी।

पॉडकास्ट में जब पारस ने पूछा कि क्या उन्हें बार-बार ‘कांटा लगा गर्ल’ कहे जाने से परेशानी नहीं होती, तो शेफाली ने बड़ी शांति से जवाब दिया –

"एक आर्टिस्ट अपनी पूरी जिंदगी एक पहचान के लिए मेहनत करता है। मुझे वो पहचान अपने पहले ही प्रोजेक्ट से मिल गई थी। दुनियाभर में सिर्फ एक ही कांटा लगा गर्ल है – और वो मैं हूं। मुझे यही नाम पसंद है और मैं चाहती हूं कि मेरी पहचान इस नाम से ही रहे, मेरी आखिरी सांस तक।"

शेफाली जरीवाला कौन थीं?
2002 में आए म्यूज़िक एल्बम ‘कांटा लगा’ से शेफाली जरीवाला को रातों-रात स्टारडम मिल गया था। उस समय यह गाना इतना पॉपुलर हुआ कि इसकी कैसेट 55 रुपये में बिकी, जबकि अन्य गाने 20 रुपये में मिलते थे। शेफाली के डांस मूव्स और लुक्स ने युवाओं को दीवाना बना दिया।

हालांकि, कुछ लोगों ने इसे अश्लील भी करार दिया, लेकिन गाने की लोकप्रियता में कोई कमी नहीं आई। बाद में शेफाली ने सलमान खान और अक्षय कुमार के साथ फिल्म ‘मुझसे शादी करोगी’ में भी काम किया।

उनकी याद हमेशा ‘कांटा लगा’ से जुड़ी रहेगी
शेफाली की इच्छा थी कि लोग उन्हें उनकी पहली पहचान – कांटा लगा गर्ल – से याद रखें। आज जब वो हमारे बीच नहीं हैं, तो फैंस उनकी इसी बात को याद कर भावुक हो रहे हैं।