BREAKING:
October 18 2026 05:02 pm

जेसी राइडर की तूफानी सेंचुरी से ट्रांस टाइटंस बना चैंपियन, इंटरकांटिनेंटल लीजेंड लीग में इंडियन वॉरियर्स को 30 रन से हराया

Post

India News Live, Digital Desk: ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में हुए इंटरकांटिनेंटल लीजेंड लीग के फाइनल मुकाबले में दर्शकों को रोमांच से भर देने वाला क्रिकेट देखने को मिला। न्यूजीलैंड के पूर्व धाकड़ बल्लेबाज जेसी राइडर ने सिर्फ 57 गेंदों पर 130 रन की तूफानी पारी खेली और अपनी टीम ट्रांस टाइटंस को पहला खिताब जितवाया।

राइडर की ये पारी मैदान पर किसी जादू से कम नहीं थी। उन्होंने 16 चौके और 7 छक्के जड़ते हुए लगभग 229 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए और मैच की दिशा पहले ओवर से ही तय कर दी।

ट्रांस टाइटंस ने बनाया रिकॉर्ड स्कोर

पहले बल्लेबाजी करते हुए ट्रांस टाइटंस ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 259 रन बना डाले, जो इस लीग का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर रहा। राइडर के साथ प्रतीक अठावले ने भी शानदार 60 रन (32 गेंदों, 7 चौके, 3 छक्के) बनाए।

हालांकि मिडिल ऑर्डर लड़खड़ा गया — ऋषि धवन (15), सुमित वर्मा (1) और नमन शर्मा (11) जल्दी आउट हो गए। लेकिन अंतिम ओवरों में पीनल शाह और प्रशांत गुज्जर ने धुआंधार अंदाज़ में बल्लेबाज़ी की। खासतौर पर प्रशांत ने महज 6 गेंदों में 24 रन (400 स्ट्राइक रेट) ठोक कर स्कोर को पहाड़ जैसा बना दिया।

नेगी की पारी भी न बचा सकी इंडियन वॉरियर्स को

260 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंडियन वॉरियर्स की शुरुआत आक्रामक रही। कप्तान प्रियांक पांचाल ने 14 गेंदों पर 28 रन बनाए। लेकिन मिडल ऑर्डर टिक नहीं पाया। मौसीफ खान (13) और केदार देवधर (19) के जल्दी आउट होने से टीम दबाव में आ गई।

इसके बाद पवन नेगी ने मुकाबले में जान फूंकने की कोशिश की। उन्होंने 6 चौके और 5 छक्के लगाकर 76 रन बनाए, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें सहयोग नहीं मिला। अंत में इंडियन वॉरियर्स 229/7 रन ही बना सकी और मुकाबला 30 रन से हार गई।

स्टार्स की मौजूदगी ने बढ़ाया फाइनल का जलवा

इस धमाकेदार मुकाबले के दौरान मैदान में खास मेहमान भी मौजूद थे। भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी, सिंगर अल्तमश फरीदी, और खानपुर के विधायक एवं लीग के सीईओ उमेश कुमार ने भी मुकाबले का आनंद लिया।