IPO Dhamaka : एचडीबी फाइनेंशियल सर्विसेज 25 जून को लाएगी साल का सबसे बड़ा इश्यू
India News Live,Digital Desk : लंबे समय से जिसका इंतज़ार था, वह घड़ी आखिरकार आ ही गई है। एचडीबी फाइनेंशियल सर्विसेज ने अपने इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) की तारीख घोषित कर दी है। यह आईपीओ बुधवार, 25 जून 2025 को खुलेगा और शुक्रवार, 27 जून तक निवेशकों के लिए उपलब्ध रहेगा।
एचडीएफसी बैंक की सब्सिडियरी कंपनी HDB Financial Services इस आईपीओ के ज़रिए शेयर बाज़ार में पहली बार एंट्री करने जा रही है। कंपनी की योजना है कि इस इश्यू के माध्यम से कुल 12,500 करोड़ रुपये जुटाए जाएं, जिसमें ₹2,500 करोड़ नए इक्विटी शेयर होंगे और ₹10,000 करोड़ का ऑफर-फॉर-सेल प्रमोटर एचडीएफसी बैंक द्वारा पेश किया जाएगा।
कंपनी की पृष्ठभूमि
2007 में स्थापित HDB Financial Services, एक नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी (NBFC) है, जो उपभोक्ताओं को लोन, इंश्योरेंस और अन्य वित्तीय सेवाएं प्रदान करती है। यह HDFC बैंक की सहयोगी कंपनी है और अब तक निजी क्षेत्र में ही काम कर रही थी।
कीमत की जानकारी अभी बाकी
हालांकि, इस आईपीओ का प्राइस बैंड अभी घोषित नहीं किया गया है, लेकिन कंपनी के अनुसार यह जानकारी जल्द ही सार्वजनिक की जाएगी। एचडीबी ने नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) को बताया कि उसने 19 जून को अहमदाबाद में रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज के साथ रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (RHP) फाइल किया है, जिसमें ₹10 के फेस वैल्यू वाले शेयरों की पेशकश की जाएगी।
आईपीओ की मुख्य तारीखें
एंकर निवेशकों के लिए बोली: 24 जून
आईपीओ खुलने की तारीख: 25 जून
आईपीओ बंद होने की तारीख: 27 जून
शेयर अलॉटमेंट: 30 जून
शेयर लिस्टिंग: 2 जुलाई (NSE और BSE पर)
लिस्टिंग की ज़रूरत क्यों पड़ी?
फिलहाल HDFC बैंक के पास एचडीबी फाइनेंशियल सर्विसेज में 94.36% हिस्सेदारी है। लेकिन भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के नियमों के अनुसार, “अपर लेयर” में आने वाली सभी एनबीएफसी कंपनियों को सितंबर 2025 तक स्टॉक एक्सचेंज में लिस्ट कराना अनिवार्य है। इसी के चलते एचडीबी को बाजार में कदम रखना पड़ रहा है।