गिल की कप्तानी में भारत की शानदार शुरुआत, पहले दिन इंग्लैंड पर भारी पड़ा टॉप ऑर्डर
- by Priyanka Tiwari
- 2025-06-21 01:50:00
India News Live,Digital Desk : भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैचों की सीरीज की जोरदार शुरुआत हो गई है। लीड्स में खेले जा रहे पहले टेस्ट के पहले दिन भारतीय बल्लेबाजों ने धमाकेदार प्रदर्शन किया। दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 3 विकेट के नुकसान पर 359 रन बना लिए थे। कप्तान शुभमन गिल 127 और ऋषभ पंत 65 रन बनाकर नाबाद लौटे। ओपनर यशस्वी जायसवाल ने भी बेहतरीन शतक जड़ा।
शुभमन गिल की अगुवाई में भारतीय टीम ने आत्मविश्वास के साथ पारी की शुरुआत की। ओपनर यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने पहले विकेट के लिए 91 रनों की साझेदारी कर टीम को मजबूत आधार दिया। हालांकि, केएल राहुल 42 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि साई सुदर्शन खाता खोले बिना पवेलियन लौटे।
पहले सत्र में भारत ने 92 रन बनाए और दो विकेट गंवाए। इंग्लैंड को थोड़ी राहत तब मिली जब 25वें और 26वें ओवर में उसने दो महत्वपूर्ण विकेट चटकाए। लेकिन दूसरे सत्र में भारतीय बल्लेबाजों ने इंग्लिश गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया। इस दौरान गिल और जायसवाल के बीच 129 रनों की साझेदारी हुई।
जायसवाल ने 101 रनों की शानदार पारी खेली, लेकिन शतक के तुरंत बाद बेन स्टोक्स की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। इसके बाद गिल और पंत ने मोर्चा संभाला और दिन का खेल खत्म होने तक कोई और विकेट नहीं गिरने दिया। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 138 रनों की नाबाद साझेदारी की।
इंग्लैंड की ओर से कप्तान बेन स्टोक्स को दो विकेट मिले, लेकिन बाकी गेंदबाज संघर्ष करते नजर आए।