June 18 2026 08:28 pm

भारत-फ्रांस की साझेदारी से बनेगा 5वीं पीढ़ी का स्वदेशी स्टील्थ जेट इंजन, अमेरिका को झटका

Post

India News Live,Digital Desk : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर भारी टैरिफ लगाने की घोषणा के बाद भारत और अमेरिका के रिश्तों में खिंचाव देखा जा रहा है। इसी बीच भारत ने एक बड़ा रणनीतिक कदम उठाते हुए फ्रांस के साथ मिलकर पांचवीं पीढ़ी का स्वदेशी स्टील्थ जेट इंजन बनाने की योजना शुरू कर दी है। यह फैसला अमेरिका के लिए एक झटका साबित हो सकता है और भारत-फ्रांस की रणनीतिक साझेदारी को और मजबूती देगा।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस परियोजना को मंजूरी दे दी है। उनका कहना है कि भारत को अपने लड़ाकू विमानों के लिए स्वदेशी इंजन की आवश्यकता है और यह कदम देश के रक्षा क्षेत्र में ऐतिहासिक साबित होगा। जानकारी के मुताबिक, इस समझौते के तहत फ्रांस भारत को 100 प्रतिशत तकनीक ट्रांसफर करेगा। भारत की डीआरडीओ और फ्रांस की सफ्रान कंपनी मिलकर 120 किलो-न्यूटन थ्रस्ट वाला इंजन विकसित करेंगी। यह इंजन भविष्य के भारतीय 5वीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान एएमसीए के लिए अहम भूमिका निभाएगा।

इस परियोजना में डीआरडीओ की गैस टर्बाइन रिसर्च लेबोरेटरी भी शामिल होगी। अनुमान है कि इस पर करीब 7 अरब डॉलर की लागत आएगी। वायुसेना ने रक्षा मंत्रालय को बताया था कि आने वाले वर्षों में कई पुराने विमान सेवा से बाहर हो जाएंगे और नए विमानों की तुरंत आवश्यकता होगी। ऐसे में यह परियोजना भारतीय वायुसेना की ज़रूरतों को पूरा करने के लिहाज़ से बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। बताया जा रहा है कि यह डील अंतिम चरण में पहुंच चुकी है।