अमेरिका से जर्मनी जा रही फ्लाइट में भारतीय युवक का हंगामा, यात्रियों पर फोर्क से हमला

Post

India News Live,Digital Desk : अमेरिका से जर्मनी जा रही लुफ्थांसा एयरलाइंस की एक फ्लाइट में शनिवार को बड़ी घटना घटी। 28 वर्षीय भारतीय नागरिक प्रनीत कुमार उसिलिपल्ली ने उड़ान के दौरान अचानक हिंसक बर्ताव करते हुए दो किशोर यात्रियों पर फोर्क से हमला कर दिया। इतना ही नहीं, उसने एक महिला यात्री को थप्पड़ भी मारा और एक क्रू मेंबर पर हाथ उठाने की कोशिश की।

यह घटना शिकागो से फ्रैंकफर्ट जा रही फ्लाइट में हुई। स्थिति बिगड़ने पर विमान को आपात स्थिति में बोस्टन के लोगन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतारना पड़ा। उस समय अमेरिका में सरकारी शटडाउन चल रहा था, जिससे पहले से ही कई उड़ानें प्रभावित थीं।

सिर और कंधे पर फोर्क से वार

रिपोर्ट के मुताबिक, प्रनीत ने 17 साल के दो किशोरों को निशाना बनाया। पहला लड़का मील सर्विस के बाद सीट पर सो रहा था, तभी आरोपी ने उसके कंधे पर फोर्क से वार किया। इसके बाद उसने पास बैठे दूसरे किशोर के सिर के पीछे फोर्क घोंप दिया।

जब क्रू मेंबर्स ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपी ने अपनी उंगली से पिस्तौल का इशारा करते हुए खुद को गोली मारने का नाटक किया। इस हरकत से फ्लाइट में सवार यात्रियों में घबराहट और अफरा-तफरी फैल गई।

आरोपी की पृष्ठभूमि और कानूनी स्थिति

अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, प्रनीत पहले स्टूडेंट वीजा पर अमेरिका में रह रहा था और बाइबल स्टडीज में मास्टर्स कर रहा था। हालांकि अब उसकी कानूनी स्थिति वैध नहीं है।

क्या होगी सजा?

अमेरिकी अटॉर्नी ऑफिस के अनुसार, आरोपी पर खतरनाक हथियार से हमला और जानबूझकर शारीरिक नुकसान पहुंचाने के आरोप लगे हैं। अगर दोषी साबित हुआ, तो उसे 10 साल की जेल और करीब 2.5 लाख डॉलर (लगभग 2 करोड़ रुपये) तक का जुर्माना भरना पड़ सकता है।