ISRO's big announcement : 2040 तक भारत बनेगा अंतरिक्ष का सम्राट, चंद्रयान-4 और स्पेस स्टेशन मिशन पर काम शुरू
India News Live,Digital Desk : राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के मौके पर इसरो ने भविष्य की अपनी महत्वाकांक्षी योजनाओं का खाका प्रस्तुत किया। इस अवसर पर इसरो के अध्यक्ष वी. नारायणन ने कहा कि आने वाले 15 वर्षों में भारत अंतरिक्ष क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाएगा और 2040 तक विश्व का "स्पेस सुपरपावर" बनेगा।
यह घोषणा चंद्रयान-3 मिशन की सफलता के दो वर्ष पूरे होने पर दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित विशेष कार्यक्रम में की गई। इस कार्यक्रम में इसरो अध्यक्ष वी. नारायणन, केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री जितेंद्र सिंह और भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन सुभांशु शुक्ला मौजूद रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी वीडियो संदेश के ज़रिए भारतीय वैज्ञानिकों की मेहनत और उपलब्धियों की सराहना की।
चंद्रयान-4 और शुक्र मिशन की तैयारी
इसरो अब प्रधानमंत्री मोदी के "भारत अंतरिक्ष सम्राट बनेगा" विजन को आगे बढ़ाते हुए चंद्रयान-4 की तैयारी शुरू कर चुका है। इसके साथ ही भारत आने वाले वर्षों में शुक्र ग्रह के लिए वीनस ऑर्बिटर मिशन भी भेजेगा। 2035 तक भारत का अपना स्पेस स्टेशन होगा, जिसका पहला मॉड्यूल 2028 में लॉन्च करने की योजना है।
नेक्स्ट जेनरेशन लॉन्चर को मंजूरी
प्रधानमंत्री मोदी ने नेक्स्ट जेनरेशन लॉन्चर (NGL) को हरी झंडी दे दी है। इस अत्याधुनिक रॉकेट की मदद से भारत 2040 तक चाँद पर उतरने और वापसी की क्षमता हासिल कर लेगा। यह कदम भारत को अंतरिक्ष क्षेत्र में विश्व की अग्रणी शक्तियों के बराबर खड़ा करेगा।
गगनयान मिशन को नई उड़ान
कार्यक्रम के दौरान ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला की उपलब्धियों को भी सराहा गया। उन्होंने 18 दिनों तक अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर रहकर सुरक्षित वापसी की। यह सफलता भारत के स्वदेशी गगनयान मिशन के लिए मजबूत नींव साबित होगी।