India vs South Africa : विराट कोहली और रोहित शर्मा पर सभी की निगाहें
India News Live,Digital Desk : भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज के समापन के बाद अब दोनों टीमें 30 नवंबर से तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलेंगी। जिसे लेकर दोनों टीमों के स्क्वॉड का ऐलान हो चुका है। एक बार फिर सभी की निगाहें टीम इंडिया के दो सबसे बड़े सितारे विराट कोहली और रोहित शर्मा पर होंगी। जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में बल्ले से उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन किया। लंबे समय के बाद घर में वनडे सीरीज खेल रहे विराट कोहली के पास इस सीरीज में बड़ी उपलब्धि हासिल करने का मौका होगा। क्रिकेट फैन्स भी विराट कोहली से बड़ी पारी की उम्मीद कर रहे हैं। विराट कोहली इस वनडे में कमाल कर सकते हैं।
कोहली के पास द्रविड़ से आगे निकलने का मौका
विराट कोहली ने वनडे फॉर्मेट में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी की है। उन्होंने इस टीम के खिलाफ कुल 31 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 65.39 की शानदार औसत से 1504 रन बनाए हैं। कोहली इस लिस्ट में केवल सचिन तेंदुलकर से पीछे हैं, जिन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे में कुल 2001 रन बनाए हैं। विराट कोहली इस समय दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू मैदान पर भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में तीसरे स्थान पर हैं, जिससे उनके पास राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़ने का मौका होगा। कोहली ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू मैदान पर अब तक 435 रन बनाए हैं, जबकि द्रविड़ ने 440 रन बनाए हैं। अगर कोहली इस वनडे सीरीज में 6 रन और बना लेते हैं, तो वह द्रविड़ को पीछे छोड़कर घरेलू मैदान पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे में भारत के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे।
सचिन को पीछे छोड़ने का मौका
विराट कोहली दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे में किसी भारतीय द्वारा सर्वाधिक शतक लगाने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के साथ साझा करते हैं। अगर कोहली आगामी तीन मैचों की वनडे सीरीज़ में एक भी शतक लगाने में कामयाब हो जाते हैं, तो वह सचिन को पीछे छोड़ देंगे। कोहली ने अब तक दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे में कुल पाँच शतक लगाए हैं।