भारत ने एशिया कप 2025 में फाइनल में जगह बनाई, लेकिन फील्डिंग की चिंता बरकरार
India News Live,Digital Desk : एशिया कप 2025 में भारतीय क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार 5 मैच जीतकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। टीम की बल्लेबाजी और गेंदबाजी ने विरोधियों को धूल चटाई, लेकिन फील्डिंग की लगातार कमजोर प्रदर्शन ने फैंस को चिंतित कर दिया है। खासकर बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले में फील्डिंग की खामियों ने यह चिंता और बढ़ा दी।
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने ग्रुप स्टेज के तीनों मैच जीतकर सुपर 4 राउंड में प्रवेश किया। सुपर 4 में पाकिस्तान और बांग्लादेश को हराकर टीम ने फाइनल की राह आसान कर दी। अब श्रीलंका के खिलाफ मैच का नतीजा भले ही फाइनल की स्थिति को प्रभावित न करे, लेकिन टीम की फील्डिंग अभी भी खिताबी मुकाबले में चुनौती बन सकती है।
पाकिस्तान के खिलाफ फील्डिंग की चूक
सुपर 4 में पाकिस्तान के खिलाफ मैच में भारतीय खिलाड़ियों ने 5 कैच टपकाए और एक रन आउट का मौका गंवाया। भारत जैसी मजबूत टीम के लिए विकेट के छह मौके खोना निराशाजनक था। गेंदबाजी और बल्लेबाजी जहां मजबूत रही, वहीं फील्डिंग ने निरंतर चिंता पैदा की।
बांग्लादेश के खिलाफ फील्डिंग की वही गलती दोहराई गई
पाकिस्तान के खिलाफ की गई गलतियों से सुधार की उम्मीद थी, लेकिन बांग्लादेश के खिलाफ मैच में भी वही फील्डिंग की खामियां सामने आई। इस मैच में भी 5 कैच टपकाए गए, जिनमें चार केवल सैफ हसन के थे जिन्होंने 69 रनों की तेज़ पारी खेली। बावजूद इसके टीम इंडिया ने मैच जीत लिया, लेकिन फाइनल में ऐसी कोई भी गलती भारी पड़ सकती है और एशिया कप की ट्रॉफी टीम से छिन सकती है।
टीम इंडिया के फैंस को उम्मीद है कि फाइनल में खिलाड़ियों की फील्डिंग सुधरेगी और टीम अपनी फॉर्म बनाए रखेगी।