भारत ने इंग्लैंड को हराया, स्मृति-शेफाली की जोड़ी ने महिला T20 क्रिकेट में रचा नया इतिहास
India News Live,Digital Desk : भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए दूसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में शानदार जीत दर्ज की। टीम इंडिया ने इंग्लैंड को 24 रन से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की मजबूत बढ़त बना ली है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड के सामने 182 रन का बड़ा लक्ष्य रखा था। जवाब में इंग्लिश टीम 157 रन पर ही सिमट गई।
इस मुकाबले में भारतीय बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स और अमनजोत कौर ने दमदार प्रदर्शन करते हुए 63-63 रन की उपयोगी पारियां खेलीं। हालांकि सलामी बल्लेबाज़ स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ज्यादा कमाल नहीं कर पाईं और जल्दी आउट हो गईं, लेकिन इसके बावजूद इन दोनों ने इतिहास रच डाला।
दरअसल, स्मृति और शेफाली की जोड़ी महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली भारतीय जोड़ी बन गई है। अब तक उन्होंने मिलकर 2727 रन बना लिए हैं। इसके साथ ही वे भारत की ओर से टी20 फॉर्मेट में सबसे सफल बल्लेबाजी जोड़ी बन गई हैं।
बर्मिंघम के बिस्टन मैदान पर खेले गए इस मैच में भले ही इस जोड़ी ने सिर्फ 16 रन जोड़े, लेकिन इतने रन भी काफी थे ऑस्ट्रेलिया की मशहूर जोड़ी एलिसा हीली और बेथ मूनी को पीछे छोड़ने के लिए। हीली-मूनी की जोड़ी ने कुल 2720 रन बनाए थे।
अब तक महिला टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली जोड़ियां इस प्रकार हैं:
स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा (भारत) – 79 पारियों में 2727 रन
एलिसा हीली और बेथ मूनी (ऑस्ट्रेलिया) – 84 पारियों में 2720 रन
सुजी बेट्स और सोफी डिवाइन (न्यूजीलैंड) – 79 पारियों में 2556 रन
ईशा रोहित ओझा और तीर्था सतीश (यूएई) – 57 पारियों में 1985 रन
ईशा रोहित ओझा (यूएई) – 50 पारियों में 1976 रन
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ स्मृति और शेफाली की जोड़ी ने भारतीय क्रिकेट में एक नई मिसाल कायम कर दी है।