वंदे भारत ट्रेनों में अब आखिरी समय में भी टिकट बुकिंग की सुविधा, यात्रियों को मिली बड़ी राहत
- by Priyanka Tiwari
- 2025-08-16 17:25:00
India News Live,Digital Desk : भारतीय रेलवे ने वंदे भारत एक्सप्रेस यात्रियों के लिए नई सुविधा की घोषणा की है। अब अगर वंदे भारत ट्रेनों में सीटें खाली हों, तो यात्री ट्रेन छूटने से केवल 15 मिनट पहले भी अपने टिकट बुक कर सकते हैं। यह सुविधा अब पूरी तरह लागू कर दी गई है।
पहले प्रीमियम ट्रेनों में टिकट बुकिंग एक निर्धारित समय सीमा के बाद बंद कर दी जाती थी, जिससे अचानक यात्रा की योजना बनाने वाले यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ता था। लेकिन अब रेलवे की नई व्यवस्था से अंतिम समय में भी यात्रा करना आसान हो जाएगा।
गोरखपुर से प्रयागराज तक चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस और अन्य वंदे भारत ट्रेनों में यह सुविधा लागू हो चुकी है। इस रूट पर यात्रा करने वाले सैकड़ों यात्रियों को इसका लाभ मिलेगा।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कुलदीप तिवारी ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। वंदे भारत एक्सप्रेस में अब 8 से 16 कोच जोड़ दिए गए हैं, और कई बार यात्रियों को अचानक यात्रा करनी पड़ती है। ऐसे में अंतिम समय में टिकट बुकिंग का विकल्प लोगों के लिए राहत भरा साबित होगा।
टिकट बुकिंग प्रक्रिया:
यात्री यात्रा से 15 मिनट पहले तक IRCTC की वेबसाइट या मोबाइल ऐप से टिकट बुक कर सकते हैं।
इसके अलावा रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटर से भी टिकट प्राप्त किए जा सकते हैं।
ऑनलाइन बुकिंग के लिए ट्रेन नंबर, बोर्डिंग स्टेशन और यात्रा की तारीख भरनी होगी।
उपलब्ध सीटों की जानकारी ‘करंट बुकिंग’ या ‘नॉर्मल बुकिंग’ विकल्प में दिखाई देती है। यदि सीट खाली है, तो तुरंत बुकिंग की जा सकती है।