हिट स्क्वाड प्रमुख सज्जाद गुल की संपत्ति कुर्क, पुलिस की बड़ी कार्रवाई
India News Live,Digital Desk : श्रीनगर पुलिस ने शनिवार को लश्कर-ए-तैयबा के हिट स्क्वाड और द रजिस्टेंस फ्रंट के प्रमुख हैंडलरों में से एक, शेख सज्जाद अहमद शेख उर्फ़ सज्जाद गुल की लगभग दो करोड़ रूपये मूल्य की संपत्ति कुर्क कर दी है।
10 लाख रुपये के इनामी आतंकी सज्जाद गुल पिछले आठ साल से पाकिस्तान में छिपा हुआ था। वह कश्मीर में अल्पसंख्यकों और अन्य राज्यों के नागरिकों की लक्षित हत्याओं की कम से कम 30 वारदातों में वांछित है। पहलगाम हमले में भी उसका नाम सामने आया था।
शुरुआती जीवन और आतंकी गतिविधियों की शुरुआत
संबंधित अधिकारियों के मुताबिक, सज्जाद गुल ने अपनी शुरुआती पढ़ाई श्रीनगर में की। इसके बाद बेंगलुरू में कुछ कोर्स किए और फिर वह आतंकी गतिविधियों में शामिल हो गया। शुरुआत में वह ओवर ग्राउंड वर्कर के रूप में काम करता था, यानी आतंकियों के ठिकानों और फंडिंग का प्रबंध करता था।
जेल की सजा और पाकिस्तान भागना
साल 2002 में हवाला मामले में पकड़े जाने के बाद सज्जाद गुल कुछ समय जेल में भी रहा। जेल से निकलने के बाद कुछ समय तक वह सामान्य जीवन जीता रहा, लेकिन फिर उसने आतंक में वापसी की। 2017 में सुरक्षा एजेंसियों से बचने के लिए वह जाली पासपोर्ट के जरिए पाकिस्तान चला गया।
लश्कर का इंटरनेट मीडिया नेटवर्क
पाकिस्तान पहुंचने के बाद सज्जाद गुल ने लश्कर-ए-तैयबा के इंटरनेट मीडिया विंग की कमान संभाली। वह "कश्मीर फाइटर्स" नामक मुखपत्र चलाने लगा। स्थानीय नेटवर्क के जरिए वह उन लोगों को ट्रैक करता था जो आतंकियों के एजेंडे को विफल करने की कोशिश कर रहे थे और फिर उनकी हिटलिस्ट तैयार करता था। सज्जाद गुल ने स्थानीय युवाओं को संगठन में भर्ती कराने में भी अहम भूमिका निभाई।
टीआरएफ कमान काउंसिल में शामिल
2019 में वह टीआरएफ की कमान काउंसिल का हिस्सा बन गया। उसके बाद कश्मीर में लगभग हर टार्गेट किलिंग केस में उसका नाम सामने आया। पुलिस ने बताया कि सज्जाद गुल के खिलाफ 2022 में परिमपोरा पुलिस स्टेशन में यूएपीए और ईआईएमसीओ अधिनियम के तहत केस दर्ज था। इसी जांच के तहत आज उसकी संपत्ति कुर्क की गई।
कुर्क की गई संपत्ति का विवरण
यह संपत्ति श्रीनगर के एचएमटी रोज एवेन्यू में स्थित है। इसमें 15 मरला जमीन और तीन मंजिला इमारत शामिल है। राजस्व रिकॉर्ड और तहसीलदार सेंट्रल, शाल्टेंग, श्रीनगर के सत्यापन के अनुसार, यह संपत्ति लगभग दो करोड़ रूपये मूल्य की है और आतंकी सज्जाद गुल के पिता गुलाम मोहम्मद शेख के नाम पर पंजीकृत है। हालांकि, जांच में पता चला कि सज्जाद गुल इसमें मुख्य भागीदार है।