बिहार चुनाव नतीजों पर हिमंत बिस्वा सरमा का वार: “जहां राहुल गांधी जाते हैं, BJP की जीत तय”
- by Priyanka Tiwari
- 2025-11-14 18:37:00
India News Live,Digital Desk : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए बहुमत की ओर तेज़ी से बढ़ रहा है। रुझानों के बाद राजनीतिक हलकों में प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया है। इसी बीच असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने न केवल बिहार की जनता का धन्यवाद किया, बल्कि कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तंज भी कसा।
मीडिया से बातचीत में सरमा ने कहा, “राहुल गांधी जहां भी जाते हैं, वहां भाजपा की जीत होती है। मैंने बिहार में भी यही कहा था कि राहुल गांधी भाजपा के स्टार प्रचारक हैं। वह जिस प्रदेश में प्रचार करने पहुंचते हैं, वहां भाजपा जीत दर्ज करती है। जैसे हमने बिहार में उनका स्वागत किया, वैसे ही असम में भी स्वागत करेंगे।”
असम में विपक्ष को लेकर भी बड़ा दावा
सरमा ने अपने बयान में असम के विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में वहां भी विपक्ष का सूपड़ा साफ हो जाएगा। उन्होंने कहा कि असम की जनता भाजपा सरकार के कामकाज और विकास मॉडल पर भरोसा करती है।
बिहार की जीत पर सरमा का संदेश
बिहार में एनडीए की बढ़त पर उन्होंने एक्स पर लिखते हुए कहा, “बिहार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में विकास और विश्वास का अद्भुत दौर जारी है। विधानसभा में एनडीए की जीत साफ दिखाती है कि जनता हमारी डबल इंजन सरकार पर पूरा भरोसा रखती है।”
बिहार में नतीजों के बाद भाजपा नेताओं के लगातार बयान आ रहे हैं और पार्टी इसे जनता के विश्वास की जीत बता रही है।