BREAKING:
September 03 2026 03:16 pm

उत्तराखंड में अक्टूबर के अंत तक बरकरार गर्माहट, 27 अक्टूबर से बदल सकता है मौसम

Post

India News Live,Digital Desk : उत्तराखंड में इस समय पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है। दिनभर खिली धूप से तापमान सामान्य से ऊपर जा रहा है, जिससे अक्टूबर के आख़िरी हफ्ते में भी ठंड का अहसास बहुत कम है। हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि 27 अक्टूबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जो मौसम का मिजाज बदल सकता है।

शनिवार को देहरादून और आसपास के इलाकों में सुबह से ही तेज धूप रही। सुबह और शाम हल्की ठंडक तो महसूस हो रही है, लेकिन दिन के वक्त गर्मी परेशान कर रही है। अधिकांश जगहों पर अधिकतम तापमान सामान्य से 1-2 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान भी सामान्य या उससे थोड़ा ज्यादा है।

ऊधमसिंह नगर में तापमान में हल्की गिरावट दर्ज हुई है, जबकि पहाड़ी इलाकों में सुबह-शाम ठिठुरन बढ़ने लगी है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, अक्टूबर की शुरुआत में हुई भारी बारिश के बावजूद इस समय ठंड का असर कम है और फिलहाल मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं दिख रहा।

मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि रविवार तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने और तापमान सामान्य से अधिक बने रहने की संभावना है। सोमवार से कुछ इलाकों में आंशिक बादल छा सकते हैं, जिससे तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है। अगले सप्ताह के अंत तक ठंड धीरे-धीरे बढ़ने की उम्मीद है।