सोने-चांदी ने तोड़े सभी रिकॉर्ड, पहली बार सोना ₹1 लाख और चांदी ₹1.16 लाख के पार
India News Live,Digital Desk : सोने की कीमतें साल 2025 में नई ऊंचाई पर पहुंच गई हैं और इसकी चमक लगातार बढ़ रही है. बुधवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी MCX पर कारोबार खुलते ही एक बार फिर तेजी के साथ 1 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम (Gold Price) के स्तर को पार कर गया, वहीं दूसरी ओर चांदी की कीमत भी 1.16 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के नए लाइफटाइम हाई पर पहुंच गई.
24 कैरेट सोने के 10 ग्राम की नई कीमत
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX Gold Rates) पर 5 अगस्त एक्सपायरी वाले सोने के भाव बुधवार को कारोबार शुरू होते ही 1,00,453 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुँच गए। पिछले दो दिनों में सोने की कीमत 98,000 रुपये से बढ़कर 1 लाख रुपये हो गई है और यह करीब 2,000 रुपये प्रति 10 ग्राम महंगा हो गया है। वायदा कारोबार में ही नहीं, घरेलू बाजार में भी इसकी कीमतों में तेज बढ़ोतरी देखी गई है।
2025 में अब तक सोना 21,000 रुपए महंगा हो चुका है।
इस साल सोने की कीमतों में आई तेजी ने इसमें निवेश करने वाले निवेशकों को जबरदस्त रिटर्न दिया है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 2025 के पहले ही दिन यानी 1 जनवरी को MCX पर सोने का भाव 78,957 रुपये प्रति 10 ग्राम था, जो अब 1,00,453 रुपये पर कारोबार कर रहा है और इस हिसाब से गणना करें तो इस साल अब तक इसमें 21,496 रुपये प्रति 10 ग्राम की तेजी आ चुकी है।
चांदी रिकॉर्ड तोड़ रही है
चांदी की कीमत भी लगातार अपने पुराने रिकॉर्ड तोड़कर नई ऊंचाइयों को छू रही है। हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन MCX पर चांदी के रेट्स की बात करें तो इसकी कीमत खुलते ही नए लाइफटाइम हाई पर पहुंच गई। 5 सितंबर की एक्सपायरी डेट वाली 1 किलो चांदी की कीमत 1,16,275 रुपये हो गई है। इस साल चांदी की कीमतों में बढ़ोतरी पर नजर डालें तो 1 जनवरी 2025 को चांदी 93,010 रुपये प्रति किलो थी और अगर ताजा रेट से तुलना करें तो इसकी कीमत में अब तक 23,265 रुपये की बढ़ोतरी हो चुकी है।
सोना खरीदते समय आपको उसकी शुद्धता के बारे में जानना भी ज़रूरी है और इसकी विधि बहुत सरल है। सोने के गहने बनाने के लिए ज़्यादातर 22 कैरेट सोने का इस्तेमाल किया जाता है और जब आप सोने के गहने खरीदते हैं, तो उस पर अंकित हॉलमार्क देखकर उसकी शुद्धता के बारे में जान सकते हैं। दरअसल, 24 कैरेट सोने के गहनों पर 999 लिखा होता है, जबकि 23 कैरेट पर 958, 22 कैरेट पर 916, 21 कैरेट पर 875 और 18 कैरेट पर 750 लिखा होता है।