'कांटा लगा' गर्ल शेफाली जरीवाला का निधन: खूबसूरती की चाहत में चली गई जान?
- by Priyanka Tiwari
- 2025-06-29 04:13:00

India News Live,Digital Desk : शेफाली जरीवाला, जिन्हें 'कांटा लगा' गर्ल के नाम से जाना जाता है और 'बिग बॉस 13' में भी दर्शकों का दिल जीत चुकी थीं, अब हमारे बीच नहीं रहीं। शुक्रवार की देर रात उनका मुंबई स्थित घर में निधन हो गया। वे सिर्फ 42 साल की थीं।
बताया जा रहा है कि शेफाली को देर रात अचानक तबीयत बिगड़ने पर उनके पति पराग त्यागी और कुछ करीबी लोग पास के अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पिछले कुछ वर्षों से ले रही थीं कॉस्मेटिक ट्रीटमेंट
रिपोर्ट्स के अनुसार शेफाली बीते पांच से छह सालों से यंग दिखने के लिए एंटी-एजिंग ट्रीटमेंट ले रही थीं। इस ट्रीटमेंट में विटामिन सी और ग्लूटाथियोन नामक दवाओं का उपयोग होता है, जो त्वचा को निखारने और शरीर की डिटॉक्सीफिकेशन के लिए दी जाती हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इन दवाओं का दिल पर सीधा असर नहीं होता, लेकिन कुछ मामलों में शरीर की सहनशक्ति इन पर प्रतिक्रिया दे सकती है।
शेफाली को पड़ा हार्ट अटैक?
शेफाली जरीवाला को उनके घर पर अचानक दिल का दौरा पड़ा। जब उन्हें अस्पताल ले जाया गया, तब तक उनकी सांसे थम चुकी थीं। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया और उनका शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। रिपोर्ट आज आने की संभावना है।
अस्पताल के बाहर उनके पति पराग त्यागी की जो वीडियो सामने आई है, उसमें वह बेहद टूटे और भावुक नजर आए। फिलहाल परिवार ने कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
कांटा लगा से मिली थी जबरदस्त पहचान
शेफाली को 2002 में आए सुपरहिट म्यूजिक वीडियो कांटा लगा से पहचान मिली थी। इसके बाद उन्होंने बॉलीवुड फिल्म मुझसे शादी करोगी में भी काम किया। फिर उन्होंने टेलीविजन की दुनिया की ओर रुख किया और पति पराग त्यागी के साथ नच बलिए में भी हिस्सा लिया। साल 2019 में वह बिग बॉस 13 का हिस्सा बनीं और अपने बेबाक अंदाज से दर्शकों का ध्यान खींचा।
उनकी अचानक मौत ने उनके फैन्स और इंडस्ट्री को गहरा झटका दिया है। हर कोई इस खबर से स्तब्ध है।