Flood havoc in Uttar Pradesh 17 जिले प्रभावित, सीएम योगी ने मंत्रियों को भेजा राहत कार्य निरीक्षण पर
India News Live,Digital Desk : उत्तर प्रदेश में जारी मूसलाधार बारिश के कारण 17 जिलों की 37 तहसीलें और 402 गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों की निगरानी के लिए 11 मंत्रियों की एक टीम को तैनात किया है। ये मंत्री प्रभावित इलाकों का दौरा कर रहे हैं और लोगों को हर संभव मदद पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।
बाढ़ से 84,000 से अधिक लोग प्रभावित, 343 मकान क्षतिग्रस्त
अब तक प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाढ़ से कुल 84,392 लोग प्रभावित हुए हैं, जिनमें से 47,906 लोगों तक सरकारी सहायता पहुंचाई जा चुकी है। बाढ़ के कारण 343 मकानों को नुकसान पहुंचा है, जिनमें से 327 परिवारों को सहायता राशि प्रदान कर दी गई है।
बाढ़ प्रभावित प्रमुख जिले:
प्रदेश के कानपुर नगर, लखीमपुर खीरी, आगरा, औरैया, चित्रकूट, बलिया, बांदा, गाज़ीपुर, मीरजापुर, प्रयागराज, वाराणसी, चंदौली, जालौन, कानपुर देहात, हमीरपुर, इटावा और फतेहपुर जैसे जिले बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे राहत कार्यों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पीएसी के जवान भी लगातार प्रभावित इलाकों में गश्त कर रहे हैं।
राहत सामग्री का वितरण जारी, 4,015 हेक्टेयर क्षेत्र जलमग्न
राहत आयुक्त भानु चंद्र गोस्वामी ने बताया कि प्रदेश में 4,015 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्रफल बाढ़ की चपेट में है। इन क्षेत्रों में 493 नावों और मोटरबोट्स की मदद से राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। अब तक 6,536 खाद्यान्न पैकेट और 76,632 लंच पैकेट वितरित किए जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त, 29 लंगरों के माध्यम से पीड़ितों को भोजन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
स्वास्थ्य सेवाओं पर भी ध्यान, 905 शरणालयों में लोग
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जलजनित संक्रामक रोगों से बचाव के लिए 1,29,571 क्लोरीन टैबलेट और 37,089 ओआरएस पैकेट बांटे गए हैं। वर्तमान में 905 बाढ़ शरणालयों में 11,248 लोगों को आश्रय दिया गया है। वहीं, 2,759 मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है और 500 कुंतल भूसे का वितरण भी किया गया है।
मंत्रियों ने किया बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण
मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार, 11 मंत्रियों की टीम ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर राहत कार्यों का जायजा लिया। बलिया में आयुष राज्य मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु, जालौन और हमीरपुर में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और मंत्री संजय गंगवार, इटावा में मंत्री धर्मवीर प्रजापति, प्रयागराज, मीरजापुर व बांदा में नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, औरैया में स्वतंत्र देव सिंह और प्रतिभा शुक्ला, हमीरपुर में रामकेश निषाद, आगरा में जयवीर सिंह, वाराणसी में सुरेश खन्ना, कानपुर देहात में संजय निषाद और फतेहपुर में अजीत पाल को निरीक्षण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी मंत्री प्रभावित क्षेत्रों में रात्रि विश्राम कर स्थानीय लोगों की समस्याओं को सुनेंगे।