Flag hoisting in Ayodhya : PM मोदी बोले—सदियों की वेदना को आज मिला विराम, भारत राममय
- by Priyanka Tiwari
- 2025-11-25 17:38:00
India News Live,Digital Desk : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राम मंदिर में ध्वजारोहण का वीडियो साझा करते हुए कहा कि अयोध्या में इस ऐतिहासिक अनुष्ठान का हिस्सा बनना उनके लिए बेहद भावुक करने वाला क्षण था। उन्होंने लिखा कि शुभ मुहूर्त में संपन्न यह कार्यक्रम भारत की सांस्कृतिक पहचान और राष्ट्रीय एकता के नए अध्याय की शुरुआत है।
पीएम मोदी ने कहा कि राम मंदिर का यह गौरवशाली ध्वज विकसित भारत के नवजागरण का प्रतीक है। उन्होंने प्रार्थना की कि यह ध्वज नीति, न्याय और सुशासन का मार्ग दिखाता रहे और देश की ऊर्जा बनकर सदैव ऊंचा लहराए।
अयोध्या में आयोजित इस समारोह में प्रधानमंत्री ने मंच से संबोधित करते हुए कहा कि आज की तारीख ऐतिहासिक है। अयोध्या नगरी सांस्कृतिक चेतना के एक ऐसे उत्कर्ष क्षण की गवाह बन रही है, जिसकी प्रतीक्षा सदियों से थी। उन्होंने कहा कि आज सदियों के ज़ख्म भर रहे हैं, सदियों की पीड़ा शांत हो रही है और एक लंबा संकल्प पूरा हुआ है।
उन्होंने कहा कि आज पूरा भारत और विश्व “राममय” है और हर राम भक्त का हृदय आनंद से भरा है।
कार्यक्रम में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और RSS प्रमुख मोहन भागवत भी मौजूद थे। ध्वज फहराने के बाद जब प्रधानमंत्री मंच पर पहुंचे, तो दीर्घा में मौजूद लोगों ने जोरदार जयघोष किया, जिसका जवाब उन्होंने “सियावर रामचंद्र की जय” से दिया।
अपने 32 मिनट के संबोधन में पीएम मोदी ने सामाजिक समरसता और सहभागिता का संदेश देते हुए कहा कि यह धर्मध्वजा भारतीय सभ्यता के पुनर्जागरण का प्रतीक है और यह उसी यज्ञ की पूर्णाहुति है जिसकी अग्नि 500 वर्षों से प्रज्वलित रही।