Family dispute took two lives in Prayagraj : मां-बेटी ने किया जहर सेवन
- by Priyanka Tiwari
- 2025-08-21 17:30:00
India News Live,Digital Desk : प्रयागराज के नवाबगंज थाना क्षेत्र के लालूडीह गांव में देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। यहां एक वृद्ध मां और उसकी बेटी ने घरेलू कलह से परेशान होकर जहरीला पदार्थ खा लिया। इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
60 वर्षीय निर्मला देवी, पति स्व. रमेश चंद्र की मृत्यु के बाद परिवार की जिम्मेदारी अकेले संभाल रही थीं। बताया जाता है कि उनका बड़े बेटे से पैसों के लेन-देन को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था। लगातार तनाव और झगड़ों ने उन्हें मानसिक रूप से बेहद परेशान कर दिया था।
उनकी बेटी बिटोला देवी (33 वर्ष) की शादी करीब 10 साल पहले हुई थी, लेकिन ससुराल में रिश्ते अच्छे न होने के कारण वह लंबे समय से मां के साथ ही गांव में रह रही थी। ग्रामीणों के अनुसार बिटोला का मानसिक स्वास्थ्य भी ठीक नहीं था, जिसकी वजह से वह भी अक्सर तनाव में रहती थी।
बुधवार की रात मां-बेटी ने घर पर ही जहरीला पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें सीएचसी कौड़िहार ले गए, जहां से उन्हें स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान देर रात निर्मला देवी और सुबह बिटोला की मौत हो गई।
इस घटना से न सिर्फ परिवार बल्कि पूरा गांव शोक में डूब गया है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।