रूस यात्रा पर विदेश मंत्री एस. जयशंकर, राष्ट्रपति पुतिन संग मुलाकात में व्यापार और रणनीतिक साझेदारी पर चर्चा
- by Priyanka Tiwari
- 2025-08-22 14:47:00
India News Live,Digital Desk : भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर इन दिनों रूस की यात्रा पर हैं। इस दौरान उन्होंने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की। इससे पहले जयशंकर ने रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से भी बातचीत की थी।
राष्ट्रपति पुतिन के साथ हुई इस मुलाकात की तस्वीर भी सामने आई है। विदेश मंत्री रूस में आयोजित भारत-रूस अंतर-सरकारी आयोग (IRIGC-TEC) की बैठक में शामिल होने पहुँचे हैं। इसी दौरान जयशंकर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए बताया कि बैठक में दोनों देशों के बीच व्यापार, कृषि, ऊर्जा, उद्योग, कौशल विकास, शिक्षा, संस्कृति और गतिशीलता जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
एक अन्य पोस्ट में जयशंकर ने लिखा कि उन्होंने रूस के प्रथम उप-प्रधानमंत्री डेनिस मंटुरोव के साथ भारत-रूस व्यापार मंच में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत और रूस के आर्थिक संबंधों की असीम संभावनाएँ हैं। जयशंकर ने ज़ोर दिया कि एक मज़बूत रणनीतिक साझेदारी के लिए ठोस आर्थिक सहयोग आवश्यक है। उन्होंने व्यापारियों से अधिक निवेश, संयुक्त उद्यम और नए अवसरों की तलाश करने का आह्वान किया, ताकि दोनों देशों के बीच सहयोग के नए द्वार खुल सकें।