Brett Lee's prediction : एशेज 2025–26 में ऑस्ट्रेलिया 3-2 से जीतेगा, इंग्लैंड भी देगा कड़ी टक्कर
India News Live,Digital Desk : भारत के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज पूरी करने के बाद इंग्लैंड एशेज की तैयारियों में जुट गया है। फिलहाल उसके ज्यादातर क्रिकेटर द हंड्रेड में व्यस्त हैं। लेकिन उसके खत्म होते ही विश्व क्रिकेट की सबसे पुरानी प्रतिद्वंद्विता फिर से शुरू हो जाएगी। 2025 में एक बार फिर दोनों टीमों के बीच भिड़ंत से पहले ही भविष्यवाणियों का सिलसिला शुरू हो गया है। ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज गेंदबाज ग्लेन मैक्ग्रा ने भविष्यवाणी की है कि ऑस्ट्रेलिया 2025-26 एशेज 5-0 से जीतेगा। उनका कहना है कि इंग्लैंड के लिए पैट कमिंस, मिशेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और नाथन लियोन जैसे गेंदबाजों के खिलाफ खेलना काफी मुश्किल होगा। इस पर स्टुअर्ट ब्रॉड ने मजाक में कहा कि अभी अगस्त बाकी है, कम से कम ऑस्ट्रेलिया तो पहुंच जाने दो ग्लेन! अब एक और ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज ब्रेट ली ने इस पर अपनी भविष्यवाणी दी है।
ब्रेट ली की भविष्यवाणी -
ब्रेट ली ने एशेज सीरीज़ के बारे में कहा, "मुझे लगता है कि यह उतना आसान नहीं होगा जितना लोग सोच रहे हैं। अगर हम इंग्लैंड बनाम भारत सीरीज़ का स्कोर देखें तो हैरान मत होइए। लेकिन फिर भी, अगर ऑस्ट्रेलिया अच्छा खेलता है और अपनी स्थिति का फायदा उठाता है, तो कोई कारण नहीं है कि वे यह सीरीज़ न जीतें। लेकिन इंग्लैंड को कम मत आँकें। अगर उनकी सीरीज़ अच्छी रही, तो वे ज़रूर चुनौती पेश करेंगे।" ब्रेट ली ने अंततः भविष्यवाणी की कि ऑस्ट्रेलिया यह सीरीज़ 3-2 से जीतेगा। उन्होंने कहा, "हाँ, यही मेरी भविष्यवाणी है। ऑस्ट्रेलिया एशेज 3-2 से जीतेगा। हम दुआ कर रहे हैं, अपनी उंगलियाँ क्रॉस कर रहे हैं, सब कुछ क्रॉस कर रहे हैं।"
दुनिया की सबसे पुरानी क्रिकेट सीरीज़
1882-83 में शुरू हुए इस टूर्नामेंट को सबसे पुरानी क्रिकेट सीरीज़ भी माना जाता है, जब ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को पहली बार इंग्लैंड की धरती पर हराया था। इसके बाद, इंग्लिश प्रेस ने मज़ाक उड़ाया कि इंग्लिश क्रिकेट मर चुका है और उसकी राख ऑस्ट्रेलिया ले जाई जाएगी। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए, तत्कालीन इंग्लैंड टीम के कप्तान ने राख वापस लाने का वादा किया और तब से यह परंपरा आज तक चली आ रही है।
दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 73 एशेज सीरीज खेली गई हैं। इसमें ऑस्ट्रेलिया
का पलड़ा भारी नजर आता है। कंगारूओं ने 34 बार जीत हासिल की है, जबकि इंग्लैंड ने 32 बार सीरीज अपने नाम की है, जबकि 7 बार सीरीज ड्रॉ रही है। इंग्लैंड पिछले 10 साल से इस सीरीज को जीतने की फिराक में है। 2015 में अंग्रेजों ने अपनी धरती पर 3-2 से सीरीज जीती थी। तब से अब तक 4 सीरीज हो चुकी हैं, जिसमें दो बार ऑस्ट्रेलिया ने जीत (2017-18 और 2021-22) हासिल की है, जबकि दो बार सीरीज ड्रॉ रही है (2018-19 और 2023)। पिछले एक दशक से जीत से महरूम इंग्लैंड इस बार कोई कसर नहीं छोड़ना चाहेगा।
2025–26 एशेज टेस्ट सीरीज का कार्यक्रम
2025–26 एशेज सीरीज 21 नवंबर 2025 से 8 जनवरी 2026 तक ऑस्ट्रेलिया में खेली जाएगी। पांच मैचों की यह टेस्ट सीरीज 2025–27 आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा होगी। ऑस्ट्रेलिया मौजूदा एशेज चैंपियन है, जिसने 2021–22 सीरीज जीती थी और 2023 सीरीज ड्रॉ रही थी। सीरीज का पहला टेस्ट 21-25 नवंबर तक पर्थ स्टेडियम में, दूसरा (डे-नाइट) 4-8 दिसंबर तक ब्रिस्बेन में, तीसरा टेस्ट 17-21 दिसंबर तक एडिलेड में, चौथा टेस्ट 26-30 दिसंबर तक मेलबर्न में और पांचवां टेस्ट 4-8 जनवरी तक सिडनी में खेला जाएगा।