Election date set in Bangladesh : मोहम्मद यूनुस ने सेना के दबाव में लिया बड़ा फैसला

Post

India News Live, Digital Desk:  बांग्लादेश में लंबे समय से टल रहे आम चुनाव को लेकर अब तस्वीर साफ हो गई है। अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस को आखिरकार सेना के दबाव के आगे झुकना पड़ा है। उन्होंने शुक्रवार को एलान किया कि देश में आम चुनाव अप्रैल 2026 के पहले पखवाड़े में कराए जाएंगे।

पिछले कुछ हफ्तों से सरकार और सेना प्रमुख के बीच चुनाव की तारीख को लेकर तनाव बना हुआ था। सेना प्रमुख बार-बार जल्द चुनाव कराने की मांग कर रहे थे। वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया की पार्टी बीएनपी (बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी) भी दिसंबर 2025 तक चुनाव की मांग को लेकर सड़कों पर उतर चुकी है।

चुनाव कार्यक्रम जल्द होगा जारी
यूनुस ने साफ किया कि चुनाव आयोग जल्द ही विस्तृत रोडमैप और तारीखों की घोषणा करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव दिसंबर 2025 से जून 2026 के बीच कभी भी हो सकते हैं, लेकिन अब इस पर सहमति बन गई है कि चुनाव अप्रैल 2026 के पहले पखवाड़े में होंगे।

शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव की तैयारी में जुटी सरकार
अंतरिम सरकार अब इस तय समय सीमा के भीतर शांतिपूर्ण और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने की कोशिश में जुटी है। यूनुस ने यह भी कहा कि उनकी प्राथमिकता निष्पक्ष चुनाव कराना और भविष्य में किसी भी तरह के राजनीतिक संकट को टालना है।

उन्होंने माना कि इसके लिए चुनावी संस्थाओं में सुधार बेहद जरूरी है। अगर इन संस्थानों में सुशासन नहीं लाया गया, तो देश की जनता, खासतौर से छात्रों ने जो बलिदान दिए हैं, वे व्यर्थ चले जाएंगे। यूनुस ने दोहराया कि मौजूदा अंतरिम सरकार को ही इन सुधारों और न्यायपूर्ण चुनाव प्रक्रिया को लागू करने की जिम्मेदारी दी गई है।