BREAKING:
July 29 2026 07:36 am

नशे में धुत डंफर चालक ने गिराए 7 खंभे, आधा दर्जन कॉलोनियों में दो दिन तक रही बिजली गुल

Post

India News Live,Digital Desk : कैंट थाना क्षेत्र के पांडेयपुर पावर हाउस से जुड़े मानसिक चिकित्सालय के पीछे की कई कॉलोनियों में गुरुवार देर रात अचानक अंधेरा छा गया। वजह बनी एक नशे में धुत डंफर चालक की लापरवाही। चालक का बड़ा डंफर ट्रक गुजरते समय बिजली की केबल में फंस गया, जिससे एक-एक कर सात खंभे धराशायी हो गए। न केवल खंभे टूटे बल्कि सरकारी स्ट्रीट लाइट और केबल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

इस हादसे का असर क्षत्रधारी नगर, लक्ष्मी नगर, महादेव नगर, अनौला और छोटा लालपुर जैसी कॉलोनियों पर पड़ा। दो दिन तक बिजली गुल रही, जिससे लोगों को पानी की किल्लत, भीषण गर्मी और अंधेरे की परेशानी झेलनी पड़ी।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ा लालपुर एसडीओ विनीत शुक्ला, जेई पृथ्वीनाथ और जेई सुखदेव स्वरूप रस्तोगी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। लगातार मरम्मत कार्य चलता रहा और अंततः शनिवार सुबह 5 बजे बिजली सप्लाई बहाल हो सकी।

बिजली विभाग ने बताया कि टूटे खंभों और क्षतिग्रस्त तारों से लगभग 2 लाख 30 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं, कैंट थाने में जेई सुखदेव स्वरूप रस्तोगी की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।