मानवता के नाम पर बंद दरवाज़े: ट्रंप सरकार की नई यात्रा नीति से 12 देशों के नागरिकों पर अमेरिका की राह मुश्किल
- by Priyanka Tiwari
- 2025-06-10 01:09:00
India News Live, Digital Desk : डोनाल्ड ट्रंप सरकार ने अमेरिका में घुसपैठ और अवैध प्रवासियों को रोकने के नाम पर अब 12 देशों के नागरिकों की एंट्री पर बड़ा प्रतिबंध लगा दिया है। यह नया नियम सोमवार से लागू हो गया है। अफगानिस्तान, म्यांमार, चाड, कांगो, ईरिट्रिया, हैती, ईरान, लीबिया, सोमालिया, सूडान, यमन और इक्वेटोरियल गिनी जैसे देशों के नागरिक अब अमेरिका की यात्रा के लिए अधिक बाधाओं का सामना करेंगे।
यह आदेश सिर्फ उन्हीं तक सीमित नहीं है। बुरुंडी, क्यूबा, लाओस, सिएरा लियोन, टोगो, तुर्कमेनिस्तान और वेनेजुएला के उन नागरिकों पर भी सख्ती की गई है जिनके पास वैध वीजा नहीं है। हालांकि पहले से जारी वीजा रद्द नहीं होंगे और उनका इस्तेमाल किया जा सकता है, लेकिन नए वीजा हासिल करना अब आसान नहीं रहेगा।
कुछ इमिग्रेशन विशेषज्ञों का मानना है कि यह नया आदेश पुराने मुस्लिम बैन से अलग है और ज्यादा कानूनी रूप से मज़बूत है ताकि कोर्ट में चुनौती मिलने पर भी यह टिका रहे। ट्रंप ने एक वीडियो संदेश में साफ कहा कि ये कदम अमेरिका की सुरक्षा के लिए ज़रूरी हैं, क्योंकि इन देशों के नागरिक आतंकवाद या सुरक्षा में जोखिम पैदा कर सकते हैं। साथ ही वीजा खत्म होने के बाद भी अमेरिका में रुके रहने का खतरा रहता है।
यह कदम न सिर्फ राजनीतिक बल्कि मानवीय दृष्टिकोण से भी चर्चा का विषय बन गया है, क्योंकि यह कई परिवारों को अलग कर सकता है और जरूरतमंदों को सुरक्षित पनाह पाने से रोक सकता है।