Donald Trump and Elon Musk's friendship breaks : आरोप, धमकी और राजनीतिक टकराव

Post

India News Live, Digital Desk: कभी गहरे दोस्त माने जाने वाले अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और अरबपति एलन मस्क के रिश्तों में अब तीखी दरार आ गई है। दोनों के बीच अब न सिर्फ मतभेद हैं, बल्कि हालात खुली दुश्मनी तक पहुंच गए हैं। मस्क की टैक्स बिल की आलोचना और ट्रंप की तीखी प्रतिक्रिया के चलते यह विवाद लगातार गहराता जा रहा है।

ट्रंप ने हाल ही में मस्क पर तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने उन्हें निराश किया है। इसके जवाब में मस्क ने पलटवार करते हुए कहा कि अगर वह न होते तो ट्रंप चुनाव हार चुके होते। मस्क ने यहां तक कह डाला कि ट्रंप को "ट्रंप डेरेंजमेंट सिंड्रोम" हो गया है।

इसके साथ ही मस्क ने संकेत दिए कि वह अब एक नई राजनीतिक पार्टी शुरू करने पर विचार कर रहे हैं। वहीं ट्रंप ने पलटवार करते हुए मस्क की कंपनियों के साथ किए गए सभी सरकारी अनुबंधों को रद्द करने की धमकी दे दी, जिसमें स्पेसएक्स और स्टारलिंक शामिल हैं।

टकराव यहीं नहीं थमा। मस्क ने जवाब में कहा कि वह अपनी स्पेसएक्स की ड्रैगन कैप्सूल को तुरंत इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन से हटा लेंगे, हालांकि बाद में उन्होंने यह बयान वापस ले लिया।

इस विवाद का असर मस्क की कंपनियों पर साफ दिखा। टेस्ला के शेयर गुरुवार को 14% तक गिर गए, जिससे कंपनी की बाजार पूंजी एक दिन में करीब 150 अरब डॉलर घट गई।

ट्रंप का कहना है कि मस्क का गुस्सा इस वजह से है क्योंकि टैक्स बिल में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए टैक्स क्रेडिट को हटाने का प्रस्ताव रखा गया है। मस्क का तर्क है कि यह बिल संघीय घाटे को और बढ़ा देगा।

इन तमाम विवादों की शुरुआत उस समय हुई जब 28 मई को मस्क ने ट्रंप के टैक्स बिल की आलोचना की और ट्रंप के सलाहकार पद से इस्तीफा दे दिया। एक समय की राजनीतिक और कारोबारी साझेदारी अब सोशल मीडिया पर आरोप-प्रत्यारोप के रूप में बदल गई है।

बता दें, 2024 के राष्ट्रपति चुनाव में मस्क ने ट्रंप का समर्थन करते हुए 300 मिलियन डॉलर का आर्थिक योगदान भी दिया था, लेकिन अब दोनों की राहें बिल्कुल जुदा हो चुकी हैं।