कर्नाटक के नए 'किंग' बने डीके शिवकुमार! जी परमेश्वर डिप्टी CM और यतींद्र सिद्धारमैया बने मंत्री
कर्नाटक की राजनीति में पिछले तीन साल से चला आ रहा मुख्यमंत्री पद का हाई-प्रोफाइल विवाद आखिरकार पूरी तरह थम गया है. कांग्रेस के सबसे बड़े संकटमोचक और कुशल रणनीतिकार माने जाने वाले डीके शिवकुमार ने आधिकारिक तौर पर राज्य की बागडोर अपने हाथों में ले ली है. बुधवार को बेंगलुरु में कांग्रेस के दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में डीके शिवकुमार ने कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली.
डीके शिवकुमार के साथ सूबे के कद्दावर दलित नेता जी परमेश्वर ने उप मुख्यमंत्री (Deputy CM) पद की शपथ ली. इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के बेटे यतींद्र सिद्धारमैया सहित 12 और मंत्रियों को कैबिनेट में शामिल किया गया है. इस ऐतिहासिक शपथ ग्रहण से पहले डीके शिवकुमार अपनी मां गौरम्मा के आवास पहुंचे और उनका आशीर्वाद लेकर सीधे राजभवन के लिए रवाना हुए.
संतों का आशीर्वाद और सिद्धारमैया को लगाया गले
समारोह स्थल यानी लोकभवन पहुंचने पर वहां मौजूद संत समाज ने 'होने वाले मुख्यमंत्री' डीके शिवकुमार को पारंपरिक पटका पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया. मंच पर कदम रखते ही शिवकुमार ने सबसे पहले पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को गले लगाया, जिससे पार्टी के भीतर एकजुटता का बड़ा संदेश गया. इसके बाद उन्होंने मंच पर मौजूद राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का अभिवादन किया.
हाथ में लाल संविधान की प्रति लेकर ली शपथ
राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने जैसे ही डीके शिवकुमार को मुख्यमंत्री पद की शपथ के लिए आमंत्रित किया, शिवकुमार के हाथ में लाल रंग की भारतीय संविधान की प्रति (Constitution Copy) दिखाई दी. इसी प्रति को हाथ में लेकर उन्होंने बेहद गरिमापूर्ण तरीके से शपथ पूरी की. इस दौरान पंडाल में मौजूद कार्यकर्ताओं का जोश देखने लायक था. शपथ लेने के बाद शिवकुमार ने मंच पर झुककर जनता का आभार जताया.
मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार की नई टीम: इन 12 मंत्रियों ने ली शपथ
तीन साल की लंबी राजनीतिक उठापटक के बाद सत्ता संभालने वाले डीके शिवकुमार की कैबिनेट में अनुभव और नए चेहरों का बेहतरीन संतुलन देखने को मिला है. उप मुख्यमंत्री जी. परमेश्वर के अलावा इन प्रमुख नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली:
यतींद्र सिद्धारमैया (पूर्व सीएम सिद्धारमैया के बेटे)
प्रियांक खरगे (कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बेटे)
के.एच. मुनियप्पा और के.जे. जॉर्ज
एम.बी. पाटिल और रामलिंगा रेड्डी
सतीश जारकीहोली और कृष्णा बायर गौड़ा
यू.टी. खादर और ईश्वर खंड्रे
बैरथी सुरेश और शरण प्रकाश पाटिल
ज्योतिषीय सलाह पर बदली दिशा, जुटे सिनेमा से लेकर खेल जगत के सितारे
डीके शिवकुमार का यह राजतिलक बेहद वीआईपी और भव्य रहा. इस समारोह में राजनीतिक दिग्गजों के अलावा समाज के हर वर्ग की नामचीन हस्तियां शामिल हुईं:
अद्भुत संयोग: पारंपरिक रीति-रिवाजों से हटकर इस बार शपथ ग्रहण समारोह का मंच पश्चिम दिशा के बजाय पूर्व दिशा की ओर मुख करके बनाया गया था. बताया जा रहा है कि डीके शिवकुमार के आध्यात्मिक और ज्योतिषीय सलाहकारों की विशेष सिफारिश पर यह बड़ा बदलाव किया गया था.
लोक भवन के प्रसिद्ध 'ग्लास हाउस' में आयोजित इस समारोह में लगभग 3,500 विशेष मेहमानों के बैठने की व्यवस्था की गई थी. इस कार्यक्रम के लिए 2,000 से अधिक वीआईपी पास जारी किए गए थे. समारोह में 40 से अधिक प्रमुख धर्मगुरुओं के अलावा कन्नड़ सिनेमा के सुपरस्टार किच्चा सुदीप, अभिनेता रविचंद्रन, अभिनेत्री जयमाला, रम्या और भारतीय क्रिकेट के दिग्गज वेंकटेश प्रसाद व अनिल कुंबले जैसी नामचीन हस्तियां गवाह बनीं.
आखिरकार किंगमेकर से 'किंग' कैसे बन गए डीके शिवकुमार?
कर्नाटक कांग्रेस में पिछले 3 वर्षों से सिद्दारमैया और डीके शिवकुमार के बीच ढाई-ढाई साल के मुख्यमंत्री पद के फॉर्मूले को लेकर अंदरूनी खींचतान चल रही थी. आखिरकार आलाकमान के निर्देश पर सिद्धारमैया ने अपने पद से इस्तीफा देकर पूरी कैबिनेट को भंग कर दिया. इसके तुरंत बाद शिवकुमार ने विधायक दल के अटूट समर्थन के साथ राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया. बुधवार 3 जून को शपथ लेने के साथ ही कर्नाटक की सियासत का यह अध्याय कांग्रेस के संकटमोचक के 'किंग' बनने के साथ संपन्न हुआ.