Mann ki Baat : विश्वकर्मा योजना से लेकर हैदराबाद मुक्ति दिवस तक चर्चा

Post

India News Live,Digital Desk : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 125वें एपिसोड में देश को संबोधित किया। साल 2014 से शुरू हुआ यह कार्यक्रम लोगों तक सीधे प्रधानमंत्री की बात पहुंचाने का एक बड़ा माध्यम बन गया है। इस बार भी पीएम मोदी ने कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। आइए जानते हैं, किन विषयों पर उन्होंने खासतौर पर ध्यान दिया।

1. प्राकृतिक आपदाओं पर चिंता

कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री ने पहाड़ी इलाकों में हो रही भारी बारिश और प्राकृतिक आपदाओं की स्थिति से की। उन्होंने बताया कि एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और सुरक्षा बलों की टीमें लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। पीएम मोदी ने कहा कि मुश्किल हालात में सरकार पूरी कोशिश कर रही है कि हर ज़रूरतमंद तक मदद पहुंच सके।

2. जम्मू-कश्मीर की नई उपलब्धियाँ

पीएम मोदी ने जम्मू-कश्मीर में हो रहे सकारात्मक बदलावों पर खुशी जताई। उन्होंने बताया कि पुलवामा के स्टेडियम में हाल ही में रिकॉर्ड दर्शकों की मौजूदगी में डे-नाइट क्रिकेट मैच हुआ, जो पहले नामुमकिन लगता था। इसके अलावा श्रीनगर की डल झील पर देश का पहला खेलो इंडिया वाटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल आयोजित हुआ, जिसमें पूरे भारत से 800 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। उन्होंने कहा, “खेलों से देश की एकता और विकास को नई दिशा मिलती है, जो खेलता है, वही निखरता है।”

3. यूपीएससी में असफल युवाओं के लिए नई पहल

प्रधानमंत्री ने सिविल सेवा परीक्षा (UPSC) की तैयारी करने वाले युवाओं का जिक्र करते हुए कहा कि बहुत से होनहार उम्मीदवार मामूली अंतर से अंतिम सूची में जगह नहीं बना पाते। ऐसे युवाओं को अवसर देने के लिए "प्रतिभा सेतु" नाम का डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च किया गया है। इस प्लेटफॉर्म पर 10,000 से अधिक योग्य उम्मीदवारों का डाटा मौजूद है, जिससे निजी कंपनियां भी उन्हें नौकरी का मौका दे सकती हैं।

4. शहडोल के खिलाड़ियों को मिलेगा जर्मनी में प्रशिक्षण

कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने बताया कि मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में फुटबॉल की बढ़ती लोकप्रियता ने जर्मनी के एक बड़े कोच का ध्यान खींचा है। अब वह इन खिलाड़ियों को जर्मनी में फुटबॉल का विशेष प्रशिक्षण देने जा रहे हैं।

5. विश्वकर्मा जयंती और ‘विश्वकर्मा योजना’

17 सितंबर को आने वाली विश्वकर्मा जयंती पर प्रधानमंत्री ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि पारंपरिक कौशल को बढ़ावा देने के लिए ‘विश्वकर्मा योजना’ लागू की जा रही है, जिससे कारीगरों और शिल्पकारों को समर्थन मिलेगा।

6. ऑपरेशन पोलो और हैदराबाद मुक्ति दिवस

पीएम मोदी ने ऐतिहासिक ऑपरेशन पोलो का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “अगले महीने हैदराबाद मुक्ति दिवस मनाया जाएगा। लौह पुरुष सरदार पटेल के प्रयासों से भारतीय सेना ने हैदराबाद को निजाम के अत्याचारों से मुक्त कराया और इसे भारत का हिस्सा बनाया।”

मन की बात कहाँ सुनें

‘मन की बात’ का सीधा प्रसारण आकाशवाणी, दूरदर्शन और डीडी न्यूज़ पर किया जाता है। इसके अलावा इसे प्रधानमंत्री मोदी के सोशल मीडिया अकाउंट्स, यूट्यूब और पीएमओ के प्लेटफॉर्म पर भी सुना और देखा जा सकता है।