Dharmendra's health deteriorates : 89 की उम्र में ‘ही-मैन’ अस्पताल में भर्ती, फैंस में बढ़ी चिंता
India News Live,Digital Desk : बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र इन दिनों गंभीर रूप से बीमार हैं। बताया जा रहा है कि 89 वर्षीय अभिनेता को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। खबरों के मुताबिक, धर्मेंद्र इस समय वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं। उनके स्वास्थ्य को लेकर न सिर्फ फिल्म इंडस्ट्री बल्कि लाखों फैंस भी चिंतित हैं।
धर्मेंद्र की तबीयत पहले भी बिगड़ी थी
यह पहली बार नहीं है जब धर्मेंद्र को सेहत की वजह से अस्पताल में भर्ती होना पड़ा हो। इसी साल कुछ महीने पहले उनकी एक सर्जरी हुई थी। तब भी उनके फैंस काफी परेशान हो गए थे, लेकिन बाद में अभिनेता ने खुद वीडियो जारी कर सबको भरोसा दिलाया था कि वे बिल्कुल ठीक हैं।
“अभी बहुत दम है मुझमें” – धर्मेंद्र
मार्च में धर्मेंद्र की आंखों की ग्राफ्ट सर्जरी हुई थी। उस वक्त अस्पताल के बाहर उन्हें देखकर लोग चौंक गए थे, लेकिन बाहर निकलते ही धर्मेंद्र ने मुस्कराते हुए कहा था –
“अभी बहुत दम है। अभी भी बहुत जान है। मेरी आंख में ग्राफ्ट हुआ है, दर्शकों को मेरा प्यार, मैं बहुत मजबूत हूं।”
उनका यह जज़्बा देखकर सोशल मीडिया पर लोगों ने उन्हें “रियल लीजेंड” और “ही-मैन ऑफ बॉलीवुड” कहकर सराहा था।
आने वाली फिल्म ‘इक्कीस’ में नजर आएंगे धर्मेंद्र
धर्मेंद्र आखिरी बार करण जौहर की फिल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी में दिखाई दिए थे। अब वे फिर बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं।
वह दिनेश विजन की आने वाली फिल्म ‘इक्कीस (Ikkis)’ में अगस्त्य नंदा के साथ नज़र आएंगे। यह फिल्म 25 दिसंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
धर्मेंद्र की तबीयत को लेकर फिलहाल आधिकारिक बयान का इंतजार है, लेकिन उनके प्रशंसक देशभर में उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।