Dharmendra passes away : 6 दशकों का हिंदी सिनेमा में योगदान और अनकही कहानी
India News Live,Digital Desk : हिंदी सिनेमा में धर्मेंद्र (Dharmendra) का योगदान अतुलनीय रहा है। 24 नवंबर 2025 को उनके निधन की खबर ने पूरे फिल्म जगत और उनके फैंस को शोक में डुबो दिया। छह दशकों से ज्यादा लंबे करियर में धर्मेंद्र ने करीब 300 फिल्मों में काम किया और कई ब्लॉकबस्टर हिट्स दी।
लेकिन धर्मेंद्र को हमेशा यह खटकता रहा कि सिनेमा में उन्हें और उनके परिवार को वो सम्मान नहीं मिला, जिसके वे हकदार थे। धर्मेंद्र के बाद उनके बेटे सनी देओल (Sunny Deol) और बॉबी देओल (Bobby Deol) ने भी हिंदी सिनेमा में कई हिट फिल्में दी, वहीं उनकी दूसरी पत्नी हेमा मालिनी भी सुपरस्टार रहीं।
धर्मेंद्र ने कई बार कहा कि कपूर परिवार और अन्य अभिनेताओं को जिस तरह मान्यता मिली, वही उनके परिवार को नहीं मिली। उन्होंने महसूस किया कि वे खुद और उनके बेटे अच्छे काम कर रहे थे, फिर भी उन्हें अक्सर अनदेखा किया गया।
एक इंटरव्यू में धर्मेंद्र ने बताया,
"मेरा परिवार खुद की मार्केटिंग में विश्वास नहीं रखता। हम सिर्फ अपने काम को बोलने देना पसंद करते हैं। सनी देओल दो सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों का हिस्सा होने के बावजूद कभी अपनी उपलब्धियों का प्रचार नहीं करते। लेकिन फिर भी हमारे परिवार को वो हक नहीं मिला।"
धर्मेंद्र ने यह भी साझा किया कि 1969 की फिल्म 'सत्यकाम' में उनके शानदार अभिनय के लिए उन्हें कोई पुरस्कार या सम्मान नहीं मिला।
हालांकि, धर्मेंद्र ने हमेशा फैंस और दर्शकों के प्यार को अपने लिए सबसे बड़ी उपलब्धि माना। साल 1997 में उन्हें फिल्मफेयर लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
आज भले ही धर्मेंद्र हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन हिंदी सिनेमा हमेशा उनके योगदान, उनकी मेहनत और हीरो नंबर 1 की छवि को याद रखेगा।