Devastation in Northeast : मूसलधार बारिश और भूस्खलन से जनजीवन अस्त-व्यस्त, शाह ने राहत का भरोसा दिलाया
India News Live,Digital Desk : पूर्वोत्तर भारत इस वक्त भीषण प्राकृतिक आपदा से जूझ रहा है। मिजोरम, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में लगातार हो रही भारी बारिश ने बाढ़ और भूस्खलन की स्थिति पैदा कर दी है। हालात इतने खराब हो चुके हैं कि हजारों लोगों को अपने घर छोड़कर राहत शिविरों में शरण लेनी पड़ रही है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने असम, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के मुख्यमंत्रियों के साथ-साथ मणिपुर के राज्यपाल से बात की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार हर संभव मदद के लिए तैयार है।
अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए लिखा, “मैंने असम, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्रियों और मणिपुर के राज्यपाल से उनके राज्यों में भारी बारिश और उसके दुष्प्रभावों पर बातचीत की है। केंद्र सरकार किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है।”
शाह ने आगे कहा कि मोदी सरकार उत्तर-पूर्व के लोगों के साथ चट्टान की तरह खड़ी है। फिलहाल हालात यह हैं कि कई घर ढह चुके हैं, सड़कों का संपर्क टूट गया है और लाखों लोग प्रभावित हैं।
सिक्किम में 1500 से ज्यादा पर्यटक अलग-अलग जगहों पर फंसे हुए हैं। वहीं, असम में सड़कों, रेलवे और नौका सेवाओं पर असर पड़ा है। राज्य के करीब 15 जिलों में हालात बेहद खराब हैं।
अरुणाचल प्रदेश में पिछले दो दिनों में बारिश से जुड़ी घटनाओं में 9 लोगों की मौत हो चुकी है। मणिपुर में 3800 से अधिक लोग बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित हुए हैं। कई इलाके पूरी तरह जलमग्न हो चुके हैं और नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।