Delhi's air breathes a sigh of relief: 102 दिन बाद AQI 200 के नीचे, बारिश और तेज हवाओं से प्रदूषण में गिरावट
India News Live,Digital Desk : लगातार खराब वायु गुणवत्ता से जूझ रही राजधानी दिल्ली के लिए आखिरकार राहत भरी खबर आई है। शुक्रवार को हुई बारिश और शनिवार को चली तेज हवाओं ने प्रदूषण पर असरदार चोट की, जिससे 102 दिनों बाद दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 200 से नीचे आ गया। इसके साथ ही राजधानी की हवा ‘मध्यम’ श्रेणी में पहुंच गई है।
14 अक्टूबर के बाद पहली बार ऐसा हुआ है जब दिल्लीवासियों ने अपेक्षाकृत साफ हवा में सांस ली। सिर्फ दिल्ली ही नहीं, बल्कि एनसीआर के कई शहरों में भी वायु गुणवत्ता में सुधार दर्ज किया गया है।
एनसीआर में भी दिखा सुधार
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, दिल्ली के साथ-साथ नोएडा और ग्रेटर नोएडा में भी AQI मध्यम श्रेणी में रहा। वहीं फरीदाबाद, गुरुग्राम और गाजियाबाद की हवा में भी पहले के मुकाबले सुधार जरूर हुआ है, हालांकि ये शहर अभी भी ‘खराब’ श्रेणी में बने हुए हैं।
कई इलाकों में हवा रही साफ
सीपीसीबी के समीर ऐप के अनुसार शनिवार रात तक दिल्ली के 38 प्रदूषण निगरानी केंद्रों में से 33 केंद्रों पर AQI मध्यम श्रेणी में दर्ज किया गया।
हालांकि आनंद विहार, सिरी फोर्ट, विवेक विहार और वजीरपुर जैसे इलाकों में AQI 200 से ऊपर यानी खराब श्रेणी में रहा।
दिल्ली में सबसे साफ हवा एनएसआईटी द्वारका में दर्ज की गई, जहां AQI 98 रहा, जो संतोषजनक श्रेणी में आता है।
GRAP प्रतिबंधों में दी गई ढील
हवा की गुणवत्ता में सुधार के पूर्वानुमान को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने पहले ही GRAP-4 और फिर 22 जनवरी को GRAP-3 के प्रतिबंध हटा लिए थे। इसका असर अब साफ तौर पर दिखाई देने लगा है।
तापमान में गिरावट, ठंड बढ़ी
मौसम में बदलाव का असर तापमान पर भी दिखा। शनिवार को न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले के मुकाबले 6.1 डिग्री कम रहा।
वहीं अधिकतम तापमान 2.2 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 18.2 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह के समय कई इलाकों में हल्का कोहरा और बादल छाए रहे, लेकिन दिन में धूप निकलने से मौसम साफ रहा। तेज हवाओं के कारण ठंड का अहसास ज्यादा हुआ।
आगे कैसा रहेगा मौसम
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार गणतंत्र दिवस तक मौसम लगभग ऐसा ही बना रहेगा। तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की और गिरावट हो सकती है।
27 जनवरी को फिर से तेज हवा के साथ हल्की बारिश की संभावना है, जिसके बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।