स्पाइसजेट फ्लाइट में दो महिला यात्रियों के बीच झगड़ा, उड़ान से पहले विमान लौटा दिल्ली एयरपोर्ट
- by Priyanka Tiwari
- 2025-07-15 16:29:00
India News Live,Digital Desk : दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से मुंबई जाने वाली स्पाइसजेट की उड़ान SG 9282 उस वक्त सुर्खियों में आ गई जब उड़ान भरने से पहले ही विमान में हंगामा हो गया। विमान में सवार दो महिला यात्रियों के बीच ऐसा झगड़ा शुरू हुआ कि मामला कॉकपिट तक जा पहुंचा, जिससे पायलट को मजबूरन फ्लाइट को रनवे से मोड़कर वापस एयरपोर्ट पर लाना पड़ा।
कॉकपिट तक पहुंचा झगड़ा, मचा हड़कंप
सोमवार को यह फ्लाइट टेकऑफ के लिए तैयार थी। लेकिन तभी दो महिला यात्रियों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि उन्होंने विमान के कॉकपिट तक जाने की कोशिश की और वहां मारपीट का प्रयास किया। फ्लाइट के अन्य यात्री और केबिन क्रू ने उन्हें शांत कराने की पूरी कोशिश की, लेकिन वो किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थीं।
पायलट ने ली सावधानी, फ्लाइट वापस दिल्ली लौटाई
महिलाओं द्वारा कॉकपिट तक पहुंचने की कोशिश को गंभीरता से लेते हुए पायलट ने फ्लाइट को उड़ान से पहले ही वापस मोड़ने का निर्णय लिया। विमान को तुरंत दिल्ली एयरपोर्ट पर उतारा गया और दोनों महिला यात्रियों को नीचे उतारकर CISF के हवाले कर दिया गया। इसके बाद विमान ने तय समय से कुछ देर बाद मुंबई के लिए उड़ान भरी।
स्पाइसजेट का बयान
स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने कहा, “14 जुलाई को SG 9282 फ्लाइट में दो महिला पैसेंजर्स ने अनुशासनहीनता दिखाई। उन्होंने न सिर्फ लड़ाई की, बल्कि कॉकपिट खोलने की भी कोशिश की। उनकी हरकतों से अन्य यात्रियों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती थी। इसीलिए कप्तान ने फ्लाइट को वापस लौटाने का फैसला किया और दोनों को सुरक्षाकर्मियों को सौंप दिया गया।”