BREAKING:
September 22 2026 06:05 pm

इंदौर में गंदे पानी से मौतें 15 तक पहुंचीं, राहुल गांधी का BJP सरकार पर तीखा हमला

Post

India News Live,Digital Desk : इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में दूषित पानी से फैली बीमारी ने भयावह रूप ले लिया है। गंदा पानी पीने से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर अब 15 हो गई है। गुरुवार को ही 338 नए मरीज सामने आए हैं, जिनमें से 32 की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है।

इस मामले को लेकर कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि इंदौर में लोगों को पीने के लिए पानी नहीं बल्कि जहर दिया गया है और प्रशासन आंखें मूंदकर बैठा रहा।

राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि एक तरफ गरीब परिवार मातम में डूबे हैं और दूसरी ओर भाजपा के नेता संवेदनहीन बयान दे रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि घर-घर दुख है, लोग परेशान हैं, लेकिन सरकार और उसके नेता घमंड में डूबे नजर आ रहे हैं।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब लोग लगातार बदबूदार और गंदे पानी की शिकायत कर रहे थे, तब समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की गई। सीवर का पानी पीने की सप्लाई में कैसे मिला, सप्लाई बंद क्यों नहीं हुई और जिम्मेदार अधिकारियों व नेताओं पर कार्रवाई कब होगी—ये सवाल फोकट नहीं हैं, बल्कि जवाबदेही की मांग हैं।

राहुल गांधी ने कहा कि साफ पानी कोई एहसान नहीं, बल्कि हर नागरिक का जीवन का अधिकार है। इस अधिकार की अनदेखी के लिए उन्होंने भाजपा के “डबल इंजन” शासन और लापरवाह प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश कुप्रशासन का केंद्र बनता जा रहा है, जहां कभी खांसी की सिरप से मौतें होती हैं, तो कहीं अस्पतालों में बच्चों की जान जाती है और अब लोग सीवर मिला पानी पीकर मर रहे हैं।

इधर, इस पूरे मामले को लेकर इंदौर में यूथ कांग्रेस ने नगर निगम कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया। मामले को लेकर राजनीतिक माहौल लगातार गरमाता जा रहा है।