Danger knocks: ईरान ने IAEA से तोड़े संबंध, परमाणु निगरानी पर लगाई रोक
India News Live,Digital Desk : ईरान और अंतरराष्ट्रीय परमाणु एजेंसी (IAEA) के बीच रिश्तों में बड़ा भूचाल आ गया है। बुधवार को ईरान की संसद ने एक महत्वपूर्ण विधेयक पारित किया, जिसमें IAEA से सहयोग खत्म करने और उसकी निगरानी पर रोक लगाने का प्रस्ताव रखा गया है। यह निर्णय ऐसे समय में लिया गया है जब हाल ही में ईरान और इजरायल के बीच 12 दिनों तक चले युद्ध ने पूरे मध्य-पूर्व को तनाव में डाल दिया।
ईरान की इस घोषणा का मकसद अपने परमाणु कार्यक्रम को लेकर किसी भी बाहरी हस्तक्षेप से बचना बताया जा रहा है। हालांकि, यह बिल अभी ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की अंतिम स्वीकृति के अधीन है। तेहरान स्थित तस्नीम समाचार एजेंसी के अनुसार, विधेयक में स्पष्ट किया गया है कि जब तक ईरान की परमाणु सुविधाओं की पूरी सुरक्षा सुनिश्चित नहीं होती, तब तक IAEA के कैमरे, निरीक्षण और रिपोर्टिंग प्रक्रिया पूरी तरह से बंद रहेगी।
परमाणु हथियारों पर फिर उभरे सवाल
ईरान की इस सख्त कार्रवाई के पीछे अमेरिका और इजरायल के हालिया सैन्य कदमों को कारण माना जा रहा है। अमेरिका ने दावा किया था कि उसने ईरान के तीन प्रमुख परमाणु केंद्र – इस्फाहान, फोर्डो और नतांज – को निशाना बनाकर गंभीर नुकसान पहुंचाया है। इस हमले के बाद अमेरिका ने यह भी कहा कि ईरान का परमाणु बम बनाने का सपना अब टूट चुका है।
लेकिन ईरान ने अमेरिका के दावों को खारिज करते हुए कहा कि उसके पास अब भी पर्याप्त मात्रा में यूरेनियम मौजूद है, जिससे वह भविष्य में कम से कम 9 परमाणु बम तैयार कर सकता है। अमेरिकी उप-राष्ट्रपति के इस बयान ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय को एक बार फिर चिंता में डाल दिया है।
अब सबकी निगाहें ईरान की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की ओर हैं, जो इस बिल पर अंतिम मुहर लगाएगी। अगर यह मंजूर हो गया, तो यह फैसला परमाणु निगरानी की वैश्विक प्रणाली पर बड़ा झटका होगा और क्षेत्रीय अस्थिरता और अधिक गहराएगी।